Home मनोरंजन करिश्मा कपूर के बच्चों ने पिता संजय कपूर की संपत्ति में माँगा...

करिश्मा कपूर के बच्चों ने पिता संजय कपूर की संपत्ति में माँगा हिस्सा, दिल्ली HC में दायर की याचिका

समायरा और कियान ने दावा किया है कि उनकी सौतेली माँ प्रिया ने अपने दो सहयोगियों दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के साथ मिलकर वसीयत को सात हफ्तों से ज्यादा समय तक छुपाए रखा। वसीयत को पहली बार 30 जुलाई 2025 को एक पारिवारिक बैठक में दिखाया गया था।

0
sanjay kapoor, karishma kapoor, Sunjay Kapur inheritance dispute, Karisma Kapoor children assets, forged will Sunjay Kapur, करिश्मा कपूर के बच्चे, संजय कपूर की संपत्ति में करिश्मा कपूर का हिस्सा, दिल्ली हाईकोर्ट,

संजय कपूर के निधन के बाद उनकी संपत्तियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला अब कोर्ट तक पहुंच गया है। अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों, समायरा और कियान ने अपने पिता संजय कपूर की संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

इस याचिका में खुद को संजय कपूर का कानूनी उत्तराधिकारी होने के नाते हर संपत्ति में पांचवां हिस्सा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी सौतेली माँ प्रिया सचदेव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने संजय कपूर की वसीयत में हेराफेरी की है।

करिश्मा के बच्चों ने आरोप लगाया है कि प्रिया सचदेव ने शुरुआत में किसी वसीयत के अस्तित्व से इनकार किया और दावा किया कि संजय कपूर की सारी संपत्ति आर के फैमिली ट्रस्ट के अधीन है।

समायरा और कियान ने दावा किया है कि उनकी सौतेली माँ प्रिया ने अपने दो सहयोगियों दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के साथ मिलकर वसीयत को सात हफ्तों से ज्यादा समय तक छुपाए रखा। वसीयत को पहली बार 30 जुलाई 2025 को एक पारिवारिक बैठक में दिखाया गया था।

करिश्मा के बच्चों ने अपनी याचिका में दावा किया है कि उनके पिता द्वारा बनाई गई यह वसीयत कानूनी रूप से वैध नहीं है और इसे जाली और मनगढ़ंत तरीके से तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें मूल वसीयत नहीं दिखाई जा रही है और न ही उसकी कोई प्रति (कॉपी) अबतक दी गई है।

समायार और कियान ने कोर्ट से इस दस्तावेज की एक प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इसके अलावा, उन्होंने कोर्ट से यह भी कहा है कि जब तक यह मामला हल नहीं हो जाता, तब तक प्रिया सचदेवा को वसीयत पर कोई भी कार्रवाई करने से रोका जाए।

ये भी पढ़ेंः ऐश्वर्या राय बच्चन ने दिल्ली हाई कोर्ट से मांगी ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ की सुरक्षा, ऐसा करने वाले और कौन कलाकार हैं?

याचिका में कहा गया है कि प्रिया सचदेव का आचरण दिखाता है कि वह संजय कपूर की संपत्ति पर पूरा नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रही हैं और अन्य कानूनी वारिसों को इससे दूर रखना चाहती हैं।

करिश्मा और संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में उनका तलाक हो गया था। संजय कपूर ने तीन शादियां की थीं। संजय कपूर की पहली शादी 1996 में नंदिता महतानी से हुई थी। 4 साल बाद ही दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया। दूसरी पत्नी करिश्मा से तलाक लेने के बाद संजय ने प्रिया सचदेव से शादी कर ली थी।

संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति पर विवाद

संजय कपूर का 12 जून 2025 को लंदन में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से ही 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। हाल ही में, एक रिपोर्ट में यह भी सामने आया था कि करिश्मा कपूर भी अपने पूर्व पति की संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही हैं।

इस मामले में एक और नया मोड़ तब आया जब संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेवा की बेटी सफिरा ने अपना उपनाम ‘चटवाल’ बदलकर ‘कपूर’ कर लिया है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, माना जा रहा है कि यह बदलाव सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि संपत्ति में अपनी दावेदारी को मजबूत करने के लिए एक रणनीतिक कदम हो सकता है।

संजय कपूर की बहन का प्रिया सचदेव पर गंभीर आरोप

हाल ही में संजय कपूर की बहन मन्धीरा कपूर ने भी प्रिया सचदेव पर गंभीर आरोप लगाए थे। मन्धीरा ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि संजय की मृत्यु के बाद संजय की पत्नी प्रिया सचदेव सहित कई लोगों ने उनकी माँ से कानूनी कागजों पर दस्तखत करवाए थे।

रिपब्लिक को दिए इंटरव्यू में मन्धीरा ने कहा था कि उन्होंने (प्रिया) मेरी माँ को बंद दरवाजों के पीछे कागजात पर हस्ताक्षर कराएऔर यह एक बार नहीं बल्कि दो बार हुआ। उन्होंने आगे कहा था, जब मैं दरवाजा खटखटा रही थी, तब मेरी माँ ने मुझे नहीं सुना, क्योंकि वह गहरे सदमे में थीं। बाद में उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे नहीं पता कि मैंने किन कागजातों पर हस्ताक्षर किए हैं और तब से हम इस बारे में पूछ रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है। मन्धीरा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एक दिन इस मामले में सच्चाई सामने आएगी।

गौरतलब है कि मन्धीरा और संजय कपूर के बीच काफी मनमुटाव था। लेकिन भाई की मौत के बाद वह अपनी माँ की मदद के लिए आगे आई हैं। मन्धीरा ने कहा कि यह सिर्फ एक भाई और बहन के बीच की लड़ाई थी। लेकिन इससे 40 से ज़्यादा साल के हमारे रिश्ते का महत्व कम नहीं होता।

उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि वह अपने भाई की संपत्ति पर दावा करने के लिए वापस आई हैं क्योंकि उनका अपना व्यवसाय अच्छा नहीं चल रहा है। मन्धीरा ने कहा, मैं विरासत के लिए नहीं, बल्कि विरासत के सम्मान के लिए लड़ रही हूँ। जब आप कुछ बनाते हैं, तो आप उसका मूल्य जानते हैं। बाहर खड़े होकर आप केवल पैसे का मूल्य देखते हैं। हमारा इस ब्रांड से भावनात्मक जुड़ाव है। बता दें कि मन्धीरा कपूर सोमा कॉमस्टार की नॉन-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version