Home भारत जम्मू-कश्मीरः एनआईए ऑफिस के करीब से बरामद हुई चीन निर्मित राइफल टेलीस्कोप,...

जम्मू-कश्मीरः एनआईए ऑफिस के करीब से बरामद हुई चीन निर्मित राइफल टेलीस्कोप, पुलिस ने क्या बताया?

जम्मू में एनआईए ऑफिस के पास से चीन निर्मित राइफल का टेलीस्कोप बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि यह टेलीस्कोप सिधरा क्षेत्र से बरामद हुआ है।

JAMMU KASHMIR POLICE RECOVERED CHINESE RIFFLE TELESCOPE NEAR NIA OFFICE, जम्मू-कश्मीर
प्रतीकात्मक फोटोः आईएएनएस

श्रीनगरः जम्मू के ग्रामीण क्षेत्र की पुलिस ने रविवार, 21 दिसंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मुख्यालय के पास एक असॉल्ट राइफल का चीनी निर्मित टेलीस्कोप बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, हथियार पर लगाए जा सकने वाला यह टेलीस्कोप जम्मू के सिधरा इलाके से बरामद किया गया जो जम्मू और कश्मीर पुलिस के सुरक्षा विंग के मुख्यालय के पास भी स्थित है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पहुंचे

पुलिस और सुरक्षा के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में यह दूरबीन वहां तक ​​कैसे पहुंची, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस द्वारा की गई इस बरामदगी के बाद अधिकारियों ने जम्मू में सुरक्षा बढ़ा दी है। इसमें प्रमुख सरकारी और सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास के क्षेत्र भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि यह बरामदगी एनआईए द्वारा 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के मामले में 1,597 पन्नों की विस्तृत आरोपपत्र दाखिल करने के एक सप्ताह बाद हुई है जिसमें चार पाकिस्तानी नागरिकों सहित सात आरोपियों के नाम शामिल हैं। इसमें पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसकी सहयोगी शाखा द रेसिस्टेंट फ्रंट (टीआरएफ) भी शामिल है।

इस घटना में 26 लोग मारे गए थे जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई में 6 और 7 मई की दरम्यानी रात ऑपरेशन सिंदूर लांच किया था जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

इसके बाद दोनों देशों के बीच 2 दिनों तक सीमा पर तनाव बना रहा। 10 मई को दोनों देशों के बीच शांति समझौता हुआ जिसके बाद सीमा पर तनाव और गोलीबारी बंद हुई।

लाल किले के पास विस्फोट में मारे गए थे 10 लोग

एनआईए 10 नवंबर को हुए लाल किले विस्फोट मामले और डॉक्टरों से जुड़े कथित “सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल” की भी जांच कर रही है। इसके तार जम्मू-कश्मीर से जुड़े हुए हैं। आतंकी मॉड्यूल में कई डॉक्टरों के संलिप्त होने का शक है। इसमें फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टरों समेत कई अन्य के शामिल होने का शक है जिसकी जांच की जा रही है।

10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हो गए थे। इसके बाद से सुरक्षाबलों और जांच एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है। जांच के सिलसिले में पुलिस को मिली चाइनीज राइफल की दूरबीन के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version