Home मनोरंजन जैकलीन फर्नांडिस ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, 200 करोड़ रुपये की...

जैकलीन फर्नांडिस ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, 200 करोड़ रुपये की मनीलॉन्ड्रिंग से जुड़ा है मामला

जैकलीन फर्नांडिस ने अपनी याचिका सीधे सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करते हुए ट्रायल कोर्ट के निर्णय को रद्द करने की मांग की।

Jacqueline Fernandez moves supreme court against trial court judgement related to 200 crore money laundering case, जैकलीन फर्नांडिस
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने मंगलवार (9 जून) को सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उन्होंने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपने खिलाफ आरोप तय किए जाने को चुनौती दी है।

यह घटनाक्रम दिल्ली की एक अदालत द्वारा जैकलीन, उनके कथित बॉयफ्रेंड चंद्रशेखर, उनकी पत्नी लीना मारिया पॉल और कई अन्य लोगों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है। यह आदेश प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से कथित जबरन वसूली रैकेट की जांच के सिलसिले में दिया गया था। इससे अब मामले में ट्रायल की कार्यवाही शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

जैकलीन फर्नांडिस ने ट्रायल कोर्ट के निर्णय को रद्द करने की मांग की

जैकलीन फर्नांडिस ने अपनी याचिका सीधे सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करते हुए ट्रायल कोर्ट के निर्णय को रद्द करने की मांग की। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और आरोप तय करने के फैसले में कई कानूनी खामियां हैं, जिनकी दोबारा समीक्षा की जरूरत है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए सहमति जताई है। जैकलीन फर्नांडिस की इस याचिका पर 11 जून को सुनवाई की जाएगी। जस्टिस पीके मिश्रा और जस्टिस एएस चंदुरकर की पीठ ने मामले की जल्द सुनवाई की मांग पर विचार करते हुए तारीख तय की।

क्या है पूरा मामला?

बताते चलें कि यह मामला 200 करोड़ रुपए के कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। मामले की जांच पिछले कुछ समय से चल रही है। इसी केस के संबंध में ट्रायल कोर्ट ने हाल ही में जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था, जिसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

सुप्रीम कोर्ट में अब इस बात पर विचार किया जाएगा कि ट्रायल कोर्ट का आदेश सही था या नहीं और क्या इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया को उसी आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

अदालत ने फिलहाल याचिका को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर लिया है और 11 जून को इस पर विस्तार से सुनवाई होगी। इससे पहले 3 जून को अभिनेत्री इसी मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में पेश हुईं। इस दौरान उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया।

गौरतलब है कि यह मामला हाई-प्रोफाइल ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि जेल में रहते हुए उसने एक बड़े कारोबारी की पत्नी से करीब 200 करोड़ रुपए की जबरन वसूली की थी।

जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) का कहना है कि इस वसूली से मिले पैसों का एक बड़ा हिस्सा सुकेश ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस और उनके परिवार पर खर्च किया। आरोपों के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन को कई महंगे उपहार भी दिए थे। इनमें लग्जरी कारें, ब्रांडेड हैंडबैग, महंगे गहने और कुछ कीमती पालतू जानवर शामिल थे।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version