मुंबईः फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस बीच अभिनेता जावेद जाफरी ने भी पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि उन्होंने विवाद की अंदरूनी जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन अभिनेता रणवीर सिंह का समर्थन करते हुए उनके काम की सराहना की।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में जावेद जाफरी ने कहा, “मुझे इस विवाद के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। न मैं रणवीर सिंह का सेक्रेटरी हूं और न ही फिल्म का निर्माता या निर्देशक। ऐसे में इस मामले की अंदरूनी बातों से मैं वाकिफ नहीं हूं।”
हालांकि, उन्होंने रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए कहा, “रणवीर एक बेहतरीन कलाकार हैं और मेरे अच्छे दोस्त भी हैं। मुझे भरोसा है कि जो भी विवाद है, उसका समाधान जल्द निकल जाएगा।”
गौरतलब है कि ‘डॉन 3’ से जुड़ा विवाद फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है और कई कलाकार इस मुद्दे पर अपनी राय रख चुके हैं। इससे पहले अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने भी रणवीर सिंह के समर्थन में बयान दिया था।
उन्होंने कहा था, “सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) को रणवीर सिंह के सदस्य होने पर गर्व है। जब भी उन्हें हमारी जरूरत होती है, हम उनके साथ खड़े रहते हैं। यदि भविष्य में उन्हें किसी भी तरह के समर्थन की आवश्यकता होगी, तो हम हमेशा उनके साथ रहेंगे।”
वहीं अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “जैसे-जैसे किसी व्यक्ति की सफलता और हैसियत बढ़ती है, वैसे-वैसे उसके विरोधी भी बढ़ते हैं। रणवीर सिंह को यह समझना चाहिए कि उनके इतने आलोचक होना उनकी बढ़ती लोकप्रियता और प्रभाव का भी संकेत है।”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, विवाद फिल्म ‘डॉन 3’ से जुड़ा है, जिसकी घोषणा फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने साल 2023 में की थी। फिल्म में रणवीर सिंह को प्रतिष्ठित ‘डॉन’ के किरदार में कास्ट किया गया था और इसे लोकप्रिय ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी माना जा रहा था।
हालांकि बाद में ऐसी खबरें सामने आईं कि रणवीर सिंह ने परियोजना से खुद को अलग कर लिया है। इसके बाद मामला विवाद का रूप ले गया। फिल्म से जुड़े पक्षों का दावा है कि प्री-प्रोडक्शन और शूटिंग की तैयारियों पर पहले ही भारी निवेश किया जा चुका था और अचानक हुए बदलाव से निर्माताओं को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
इसी विवाद के चलते फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया था। हालांकि बाद में यह मामला कानूनी और संगठनात्मक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार रणवीर के समर्थन में सामने आए।
जब एक फिल्म के जुनून में सुनील दत्त हो गए थे दिवालिया, तब नरगिस बनीं ताकत
समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट के साथ

