तेहरानः ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपना पहला संदेश दिया है। मोजतबा ने अपने पहले संदेश में कई चेतावनियां और संदेश दिए। खामेनेई का यह संदेश ऐसे वक्त में आया है जब ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच क्षेत्र में युद्ध तेज होता जा रहा है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग को लेकर कहा कि इसे बंद रहना चाहिए। इसके साथ ही सुप्रीम लीडर ने कहा कि ईरान शहीदों का बदला लेगा।
ईरानी सरकारी टीवी पर एक एंकर द्वारा पढ़े गए बयान में युद्ध पर तेहरान की स्थिति को रेखांकित किया गया। इसमें खाड़ी में रणनीतिक दबाव बिंदुओं का उपयोग और क्षेत्रीय लक्ष्यों पर आगे के हमलों की संभावना शामिल है।
इस बीच मोजतबा ने यह भी कहा कि ” प्रतिशोध तब तक प्राथमिकता है जब तक कि पूरा न हो जाए। “
ईरानी नेता ने मोजतबा ने और क्या कहा?
ईरानी सु्प्रीम लीडर ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कहा कि दबाव बनाने के साधन के रूप में इसे बंद रहना चाहिए। यह संकरा जलमार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल पारगमन मार्गों में से एक है और ईरानी नेता ने सुझाव दिया कि इसे बंद रखने का इस्तेमाल मौजूदा संघर्ष के दौरान दबाव बनाने के लिए किया जा सकता है।
पदभार ग्रहण करने के बाद पहले संबोधन में मोजतबा ने कहा कि ईरान ” शहीदों का बदला लेने और जलडमरूमध्य को बंद रखने की कसम खाता है। “
यह भी पढ़ें – ईरानः इजराइली हमले में IRGC कमांडर की मौत; पत्नी, दो बच्चों भी मारे गए
इसी दौरान उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पूरे क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे बंद कर दिए जाएं क्योंकि इन पर हमले किए जाएंगे। उन्होंने खाड़ी अरब देशों से भी अपील की जहां अमेरिकी सेना तैनात है, कि वे इन ठिकानों को बंद कर दें और कहा कि अमेरिका द्वारा वादा की गई सुरक्षा “सिर्फ एक झूठ” है।
मोजतबा खामेनेई ने इस दौरान पड़ोसी खाड़ी देशों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इन देशों के खिलाफ ईरान की सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।
इस बयान के मुताबिक, तेहरान मौजूदा युद्ध के जवाब में क्षेत्र में दबाव बनाने का इरादा रखता है। ईरानी नेता ने इस दौरान विरोधियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की भी चेतावनी जारी की।
दुश्मन से वसूलेंगे हर्जाना
ईरान के शीर्ष नेता ने कहा, “हम दुश्मन से हर्जाना वसूलेंगे” या “हम उसकी संपत्ति को उसी हद तक नष्ट कर देंगे।”
मोजतबा की यह टिप्पणियां उनके पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार आई हैं। पिता आयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद वह देश के सुप्रीम लीडर चुने गए हैं।
यह भी पढ़ें – इराक और होर्मुज में दो जहाजों पर हमले, तीन भारतीय नाविकों की मौत; भारत ने जताई कड़ी आपत्ति
मोजतबा ने युद्ध में मारे गए लोगों जिनमें मीनाब स्कूल हमले के पीड़ित भी शामिल हैं, के लिए प्रतिशोध लेने का भी संकल्प लिया और कहा कि ईरान “शहीदों का बदला लेगा”।
हालांकि, इस दौरान वह कैमरे पर नहीं दिखाई दिए। इजराइली संकेत के मुताबिक, वह युद्ध के प्रारंभिक चरण के दौरान घायल भी हो सकता है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर दुनियाभर में देखा जा रहा है क्योंकि इससे तेल की कीमतों और प्राकृतिक गैस की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है। वहीं, दुनियाभर की मार्केट में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

