शनिवार, अप्रैल 18, 2026
होमविश्व'होर्मुज पर फैसला सोशल मीडिया पर नहीं, जमीन पर होगा', ट्रंप के...

‘होर्मुज पर फैसला सोशल मीडिया पर नहीं, जमीन पर होगा’, ट्रंप के दावों पर ईरान का पलटवार

ईरानी संसद के स्पीकर ने कहा कि मीडिया के जरिए युद्ध छेड़ना और जनमत को गुमराह करना युद्ध का ही एक हिस्सा है, लेकिन ईरानी राष्ट्र इन हथकंडों से प्रभावित होने वाला नहीं है।

तेहरानः होर्मुज स्ट्रेट के ‘पूरी तरह खुलने’ के डोनाल्ड ट्रंप के दावे को ईरान ने खारिज कर दिया है। ईरानी अधिकारियों ने ट्रंप के बयानों को झूठा और गुमराह करने वाला करार देते हुए कहा है कि बातचीत की मेज पर अभी भी कई बुनियादी मतभेद बने हुए हैं।

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होर्मुज पर फैसला सोशल मीडिया पर नहीं, जमीन पर होगा। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने एक घंटे में सात दावे किए और सभी के सभी गलत थे। गालिबाफ ने एक्स पोस्ट में ट्रंप के सात ‘झूठे दावों’ पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी।

इन चालों से कुछ हासिल नहीं होने वालाः गालिबाफ

गालिबाफ ने लिखा, इन झूठे दावों के सहारे अमेरिका न तो युद्ध जीत पाया और न ही वह बातचीत में किसी नतीजे तक पहुंच पाएगा। निश्चित रूप से अब बातचीत की मेज पर भी उन्हें इन चालों से कुछ हासिल नहीं होने वाला। गालिबाफ ने चेतावनी देते हुए आगे लिखा कि अगर नाकेबंदी जारी रही, तो होर्मुज स्ट्रेट को खुला नहीं रखा जाएगा। होर्मुज से किसी भी जहाज का गुजरना केवल ‘निर्धारित मार्ग’ और ‘ईरान की अनुमति’ के आधार पर ही संभव होगा।

गालिबाफ ने आगे लिखा, जलमार्ग खुला है या बंद और इसके नियम क्या होंगे, यह फैसला सोशल मीडिया पर नहीं बल्कि जमीन पर होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिए युद्ध छेड़ना और जनमत को गुमराह करना युद्ध का ही एक हिस्सा है, लेकिन ईरानी राष्ट्र इन हथकंडों से प्रभावित होने वाला नहीं है।

यूरेनियम ट्रांसफर पर साफ इनकार

ईरान ने ट्रंप के उस दावे को भी खारिज कर दिया है जिसमें कहा था कि ईरान ने संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपने पर सहमति जताई है। अमेरिकी दावे को खारिज करते हुए ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने स्पष्ट किया है कि वह अपने संवर्धित यूरेनियम को किसी भी देश, खासकर अमेरिका को नहीं सौंपेगा।

बाघई ने सरकारी मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा। अमेरिका को देना तो हमारे विकल्पों में कभी रहा ही नहीं।

बातचीत जारी, लेकिन मतभेद कायम

रॉयटर्स के मुताबिक, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा है कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच अब भी कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है और परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। अधिकारी ने संकेत दिया कि होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति भी काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगी कि अमेरिका युद्धविराम की शर्तों का पालन करता है या नहीं।

साथ ही, ईरान ने यह भी कहा है कि वह बातचीत के लिए तैयार है और पाकिस्तान जैसे मध्यस्थों की भूमिका के साथ आगे वार्ता हो सकती है। जरूरत पड़ने पर युद्धविराम की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है, ताकि प्रतिबंधों और युद्ध से जुड़े मुआवजे जैसे मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हो सके।

ये भी पढ़ेंः होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला लेकिन ईरान पर जारी रहेगी अमेरिकी नाकाबंदी

अनिल शर्मा
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments

राकेश मूथा फेस बुक पर Rakesh Kamla Mutha पर कहानीः गैंगरीन
डॉ उर्वशी पर शबनम शेख़ की कहानी