नई दिल्ली: IPL में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज और दिल्ली के लिए खेल रहे लुंगी एनगिडी बुरी तरह चोटिल हो गए। ऐसे में एनगिडी को आनन-फानन में मैदान से बाहर ले जाने के लिए एंबुलेंस को बुलाना पड़ा।
शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार मैदान पर चोटिल होने के बाद जब तत्काल टीम के फिजियो और डॉक्टर पहुंचे, तो एनगिडी हल्की प्रतिक्रिया दे रहे थे, लेकिन चोट गंभीर है। यह मैच दिल्ली में अरुण जेटली स्टोडियम में खेला जा रहा था।
लुंगी एनगिडी चोटिल, क्या हुआ था?
यह घटना पंजाब किंग्स की पारी में तीसरे ओवर में हुई, जब टीम दिल्ली कैपिटल्स की ओर से दिए गए 265 रनों का लक्ष्य करने उतरी थी। तीसरा ओवर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल फेंक रहे थे। इसी दौरान तीसरी गेंद पर प्रियांश आर्य का कैच लेने की कोशिश में एनगिडी बुरी तरह से गिर पड़े। कैच लेने के लिए पीछे की ओर झुकते हुए एनगिडी का सिर जमीन से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है।
इसके बाद मैदान पर सन्नाटा छा गया और सभी दर्शक चिंतित नजर आए। एम्बुलेंस को भी तत्काल मैदान पर बुलाया गया और फिजियो और टीम डॉक्टर ने भी उनकी जांच की। इस दौरान मैच को 15 मिनट से अधिक समय के लिए रोकना पड़ा।
एनगिडी के लिए पहले स्ट्रेचर मंगवाया गया था, लेकिन फिर चोट की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस को मैदान में आना पड़ा। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के चेहते चिंतित चेहरे देख रहे थे। इसके बाद एम्बुलेंस अस्पताल के लिए रवाना हो गई।
केएल राहुल ने खेली ऐतिहासिक पारी
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए केएल राहुल के बल्ले से ऐतिहासिक पारी निकली। राहुल ने सिर्फ 67 गेंदों का सामना करते हुए 152 रनों की नाबाद पारी खेली। इसी की बदौलत दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए। इसी के साथ राहुल टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने तिलक वर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2024 में 151 रनों की शानदार पारी खेली थी। राहुल ने अपनी इस पारी में 16 चौके और 9 छक्के लगाए। राहुल मेंस टी20 क्रिकेट में 150 से ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले महज दूसरे बल्लेबाज भी बने हैं।
राहुल आईपीएल में भी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। अभिषेक ने आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए 88 गेंदों में 141 रनों की दमदार पारी खेली थी। राहुल आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
केएल राहुल ने ऋषभ पंत के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस लीग में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। पंत ने साल 2018 में 128 रनों की नाबाद पारी खेली थी। साथ ही राहुल आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने सुरेश रैना (5,528) को पीछे छोड़ दिया है। राहुल के आईपीएल में अब कुल रन 5,579 हो गए हैं।
राहुल ने आईपीएल में छठा शतक भी लगाया। वह इस लीग में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर आ गए हैं। राहुल के साथ-साथ क्रिस गेल ने भी 6 शतक लगाए हैं। राहुल ने इस मामले में संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया है। संजू के नाम आईपीएल में 5 शतक दर्ज हैं।

