Home कारोबार Share Market: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से शेयर बाजार में...

Share Market: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से शेयर बाजार में ‘मंगल’ उदय, सेंसेक्स 1,500 अंक उछला, निफ्टी 22,800 के पार

0
stock macket, share market, Market Opening Bell, Iran war, trump hold iran war,
PHOTO: IANS

Share Market: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ नरमी ने वैश्विक बाजारों में नई जान फूंक दी है। इसका सीधा असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला, जहाँ बाजार खुलते ही निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों ने जोरदार वापसी करते हुए ऐतिहासिक बढ़त दर्ज की।

Share Market की दमदार शुरुआत और चौतरफा खरीदारी

हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला ‘सेंसेक्स’ 1,516.08 अंक यानी 2.08 प्रतिशत की भारी तेजी के साथ 74,212.47 पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का ‘निफ्टी’ 365.80 अंक या 1.62 प्रतिशत की बढ़त लेकर 22,878.45 के स्तर पर ओपन हुआ।

शुरुआती कारोबार में बाजार का रुख पूरी तरह सकारात्मक रहा, जहाँ एनएसई पर 2,297 शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल 189 शेयरों में गिरावट देखी गई।

ये भी पढ़ेंः ईरान के खिलाफ अमेरिकी रुख में नरमी! ट्रंप के दावों के बाद तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट

बाजार में यह तेजी किसी एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही। निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी इंडिया डिफेंस, ऑटो, मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स टॉप गेनर्स में शामिल रहे। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी जबरदस्त लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स करीब 1.47 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

कच्चे तेल में गिरावट

बाजार में इस रिकवरी की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल क्रूड ऑयल की कीमतों में आई भारी गिरावट है। डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत और सैन्य हमलों को टालने के ऐलान के बाद वैश्विक तेल की कीमतें 14 प्रतिशत तक गिर गईं। इसका सीधा लाभ भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाओं को मिला।

अमेरिकी बाजार (डाओ और नैस्डैक) सोमवार को 1.38 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए थे, जिसका असर आज टोक्यो, शंघाई और हांगकांग जैसे एशियाई बाजारों पर भी दिखा।

सेंसेक्स पैक में एशियन पेंट्स, इंडिगो, टाइटन, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई जैसे शेयर प्रमुख गेनर्स रहे। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने हालांकि अपनी बिकवाली जारी रखी और सोमवार को 10,414.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, लेकिन घरेलू संस्थागत निवेशकों द्वारा की गई 12,033.97 करोड़ रुपये की भारी खरीदारी ने बाजार को गिरने से बचा लिया और आज की रैली का आधार तैयार किया।

ये भी पढ़ेंः Share Market Update: शेयर बाजार में हफ्ते के पहले दिन बड़ी गिरावट, चंद मिनट में 11 लाख करोड़ डूबे; 5 बड़ी वजहें

विशेषज्ञों ने क्या कहा?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निफ्टी के लिए 22,800 का स्तर पार करना बेहद महत्वपूर्ण था। इंडिया टीवी की रिपोर्ट के अनुसार कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान का कहना है कि अगर इंडेक्स 22,800 के ऊपर टिका रहता है, तो यह आने वाले दिनों में 23,000 से 23,400 के स्तर तक जा सकता है।

हालांकि आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसारि, तकनीकी विश्लेषक आकाश शाह ने सावधानी बरतते हुए कहा कि अभी भी कुछ रुकावट के स्तर 22,700 के आसपास बने हुए हैं, लेकिन वैश्विक कूटनीति में सुधार से फिलहाल रुझान सकारात्मक हो गया है।

गिफ्ट निफ्टी ने भी सुबह 692 अंकों की बढ़त के साथ एक मजबूत शुरुआत के संकेत दे दिए थे। फिलहाल निवेशकों की नजरें अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली अगले पांच दिनों की बातचीत पर टिकी हैं, जो बाजार की अगली दिशा तय करेगी।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version