Home भारत ईरान युद्धविराम के बीच भारत सरकार ने नागरिकों के लिए जारी की...

ईरान युद्धविराम के बीच भारत सरकार ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, कहा – ‘जल्द से जल्द बाहर निकलें’

ईरान युद्धविराम के बीच भारत सरकार ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले मंगलवार शाम को भी एक एडवाइजरी जारी की थी।

indian govt issue advisory to citizens amid iran ceasefire, ईरान
फोटोः आईएएनएस

नई दिल्लीः भारत सरकार ने बुधवार (7 अप्रैल) को ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एक नई सलाह जारी की। सरकार ने नागरिकों से युद्धग्रस्त देश से “शीघ्र निकलने” की “कड़ी सलाह” दी।

ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अपने नागरिकों से उनके द्वारा सुझाए गए मार्गों का उपयोग करके देश छोड़ने का अनुरोध किया।

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

पोस्ट में लिखा था कि ” यह फिर से दोहराया जाता है कि दूतावास से पूर्व परामर्श और समन्वय के बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय भूमि सीमा के पास जाने का प्रयास न करें। “

भारतीय दूतावास ने नागरिकों की मदद के लिए कुछ हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल भी जारी किए हैं। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा यह सलाह ईरान और अमेरिका के बीच दो हफ्तों के लिए युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद जारी की है।

इससे पहले मंगलवार (7 अप्रैल) शाम को दूतावास ने एक सलाह जारी कर ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को अगले 48 घंटों तक अपने-अपने स्थानों पर बने रहने का निर्देश दिया था।

भारतीय दूतावास द्वारा जारी इस एडवाइजरी में कहा गया था कि नागरिक बिजली केंद्रों, सैन्य ठिकानों और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों के पास जाने से पूरी तरह बचें। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लोगों को बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों पर न रहने की सलाह दी गई है ताकि हवाई हमलों या छर्रों की चपेट में आने से बचा जा सके।

यह सलाह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद आई थी जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर ईरान पूर्वी समयानुसार रात 8 बजे (बुधवार सुबह 5:30 बजे भारतीय समय) तक होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी समाप्त नहीं करता है, तो “पूरी सभ्यता आज रात नष्ट हो जाएगी। “

9,000 भारतीय ईरान में

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरानी ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद जब संघर्ष शुरू हुआ तब छात्रों सहित लगभग 9,000 भारतीय ईरान में थे। इनमें से अब तक लगभग 1,800 भारतीय भारत लौट चुके हैं।

डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रतिद्वंद्वी देश को “पूरी तरह नष्ट” करने की दी गई समय सीमा समाप्त होने से लगभग एक घंटे पहले मंगलवार ( 7 अप्रैल ) को अमेरिका और ईरान दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत हो गए।

यह समझौता तब हुआ जब ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके सेना प्रमुख असीम मुनीर से बात की थी जिन्होंने युद्धविराम का अनुरोध किया था।

शरीफ ने कहा कि पाकिस्तानी राजधानी इस्लामाबाद 10 अप्रैल को “निर्णायक समझौते” तक पहुंचने के उद्देश्य से वार्ता के लिए दोनों देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत करेगी।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version