Home भारत भारत ने इजराइल में अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, सतर्क...

भारत ने इजराइल में अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, सतर्क रहने की दी सलाह

भारत ने इजराइल में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

india issues advisory for its citizens in Israel advising them to remain vigilant, भारत
फोटोः एक्स

नई दिल्लीः भारतीय विदेश मंत्रालय ने इजराइल में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में उन्हें सतर्क रहने और सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।

मंत्रालय द्वारा जारी की गई इस सलाह में भारतीय नागरिकों से मध्य पूर्व में तनाव के मद्देनजर इजरायल की गैर-जरूरी यात्रा से बचने का भी आग्रह किया गया है।

विदेश मंत्रालय ने क्या सलाह दी?

विदेश मंत्रालय की सलाह में कहा गया है कि “क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस समय इजराइल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और इजराइली अधिकारियों और गृह मोर्चा कमान द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की सलाह दी जाती है।”

इस सलाह में आगे कहा गया “भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इजराइल की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास की 24×7 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं: टेलीफोन: +972-54-7520711; +972-54-3278392।”

https://twitter.com/indemtel/status/2011828678452187626

विदेश मंत्रालय की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब ईरान व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच फंसा हुआ है और अमेरिका ने देश में हस्तक्षेप और सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया है। वहीं ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका हमला करता है तो क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे ईरानी हमलों का वैध निशाना होंगे। बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्र में तेहरान के कट्टर प्रतिद्वंद्वी तेल अवीव में भी चिंताएं बढ़ गई हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के मद्देनजर दक्षिणी और मध्य इजराइल के कई क्षेत्रों में सार्वजनिक आश्रय स्थलों को खोलने के आदेश दिए गए हैं।

तुर्की की अनादोलू एजेंसी के अनुसार दक्षिणी इजराइल के दिमोना शहर के मेयर ने पूरे शहर में आश्रय स्थल खोलने का आदेश दिया क्योंकि “अचानक आने वाली आपदा से बेहतर है कि पहले से ही तैयारी कर ली जाए।”

यह सलाह ऐसे समय में जारी की गई है जब भारत ईरान में व्याप्त नाजुक स्थिति को देखते हुए वहां से भारतीयों को निकालने की तैयारी कर रहा है।

ईरान ने भी दी सलाह

बीते बुधवार, 14 जनवरी को तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर भारतीय नागरिकों के लिए एक नई सलाह जारी की । दूतावास ने इस सलाह में ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) से वाणिज्यिक उड़ानों सहित उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग करके देश छोड़ने का आग्रह किया है। दूतावास ने कहा कि यह देश में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें – ट्रंप ने कहा ईरान में बंद हो गई हैं हत्याएं, तेहरान बोला – ‘फांसी चढ़ाने की कोई योजना नहीं’

दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों और व्यक्तिगत रूप से पंजीकृत व्यक्तियों से उचित सावधानी बरतने का आग्रह किया और उनसे उन क्षेत्रों से दूर रहने को कहा जहां विरोध प्रदर्शन या धरने चल रहे हैं। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे ईरान स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों पर नजर रखें ताकि किसी भी घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त कर सकें।

अनुमानों के मुताबिक छात्रों सहित लगभग 10,000 भारतीय वर्तमान में ईरान में रह रहे हैं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version