Homeभारतओमान तट पर जहाज पर हमले के बाद 3 भारतीय अब भी...

ओमान तट पर जहाज पर हमले के बाद 3 भारतीय अब भी लापता, विदेश मंत्रालय ने की निंदा; अमेरिकी राजदूत को किया तलब

विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा “हम ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से अब तक 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।”

नई दिल्ली: ओमान तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हमला हुआ। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार (10 जून) को बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं तीन भारतीय अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। भारत ने इस घटना को लेकर नई दिल्ली में अमेरिका के ‘चार्ज डी अफेयर्स’ (राजनयिक प्रतिनिधि) को तलब किया और ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय ने इस बाबत एक बयान जारी किया। इसमें कहा, “हम ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से अब तक 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।”

भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

मंत्रालय ने आगे कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह वहां जारी संघर्ष का सीधा परिणाम हैं। एमईए द्वारा जारी बयान में आगे कहा गया कि “हम सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को सफल बनाने की अपील करते हैं ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत बंद होनी चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवागमन और व्यापार बहाल किया जाना चाहिए।”

बताते चलें कि इससे पहले ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी थी कि ओमान तट के पास एक जहाज से जुड़ी घटना की सूचना मिली है। दूतावास ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में है।

यह भी पढ़ें – नेपाल ने भारतीय आमों के आयात पर लगाई रोक, कीटनाशक और क्वारंटीन से जुड़ी चिंताओं का दिया हवाला

ओमान में जहाज पर हमले के बाद भारत ने अमेरिकी राजदूत को किया तलब

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, समुद्री अधिकारियों ने बताया कि तेल उत्पादों वाले टैंकर पर अमेरिकी मिसाइल हमले का शक है।

रॉयटर्स के मुताबिक, ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा समूह एम्ब्रे ने कहा, ” यह संभवतः ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी करने के अमेरिकी अभियानों का नतीजा था। ”

” पहले भी क्रू को चेतावनी दी गई है कि हमले की स्थिति में वे जहाज के पिछले हिस्से (स्टर्न) के बजाय अगले हिस्से (बो) पर इकट्ठा हों। “

विदेश मंत्रालय (MEA) में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले के बाद अमेरिका के चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया।

यह कदम तब उठाया गया जब भारत ने जहाज पर हुए हमले की निंदा की और समुद्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

8 जून को भी हुई थी घटना

गौरतलब है कि बीते सोमवार (8 जून) को भी पालाऊ ध्वज वाले जहाज एमटी मैरिवेक्स में आग लगने की घटना के बाद उस पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में हुई थी।

मंगलवार (9 जून) को नई दिल्ली में साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि एमटी मैरिवेक्स ओमान तट के पास निष्क्रिय हो गया था। जहाज पर मौजूद सभी 24 चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक थे और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने इस बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें – फीफा वर्ल्ड कप से अब भी क्यों दूर भारत? 1950 में मौका मिला, फिर भी नहीं खेल पाए; समस्या कहां है?

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पश्चिम एशिया में दोबारा बढ़ते तनाव पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि 100 दिनों से अधिक समय से जारी संघर्ष ने भारी मानवीय संकट पैदा किया है और वैश्विक अर्थव्यवस्था तथा ऊर्जा आपूर्ति पर भी गंभीर असर डाला है। मंत्रालय ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की थी।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular