Home विश्व पाकिस्तानः इमरान खान कहां हैं?, मौत की अफवाहों के बीच आदियाला जेल...

पाकिस्तानः इमरान खान कहां हैं?, मौत की अफवाहों के बीच आदियाला जेल ने क्या कहा?

पाकिस्तान की आदियाला जेल में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की अफवाहों के एक दिन बाद 27 नवंबर को जेल प्रशासन ने बयान जारी किया है।

Imran Khan health update, इमरान खान
इमरान खान

इस्लामाबादः पाकिस्तान की आदियाला जेल में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की अफवाहों के एक दिन बाद 27 नवंबर (गुरुवार) को जेल प्रशासन ने बयान जारी किया है। जेल प्रशासन ने कहा कि इमरान खान अच्छी हालत में हैं और वह अभी जेल में हैं।

जियो न्यूज के मुताबिक, जेल प्रशासन ने कहा कि इमरान खान की सेहत के बारे में लगाई जा रही कयासबाजी पूरी तरह ‘आधारहीन’ हैं और उन्हें ‘पूरी तरह चिकित्सा सहायता’ मिल रही है।

आदियाला जेल प्रशासन ने क्या कहा?

जेल प्रशासन की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया “आदियाला जेल से उनके स्थानांतरण की खबरें सच नहीं हैं। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।”

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख भ्रष्टाचार और आतंकवाद के मामले में बीते 2 सालों से जेल में हैं।

इमरान की बहनें और उनके बेटों ने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री जिन्हें 2022 में अविश्वास प्रस्ताव हारने के बाद सत्ता से बेदखल कर दिया गया था। उन्हें अमानवीय परिस्थितियों में एकांत कारावास में रखा जा रहा है।

जेल के बाहर प्रदर्शन

इमरान की बहनें, नोरीन खान (नियाज़ी), अलीमा खान और उजमा खान, जो विरोध प्रदर्शनों में सबसे आगे रही हैं, ने दावा किया है कि अदालत के आदेश के बावजूद उन्हें इमरान से मिलने नहीं दिया गया है। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने इमरान को सप्ताह में दो बार परिवार से मिलने की अनुमति दी है।

बुधवार, 26 नवंबर को पीटीआई कार्यकर्ताओं और इमरान खान की बहनों द्वारा अदियाला जेल चेकपोस्ट के पास धरना प्रदर्शन के बाद अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते हजारों पीटीआई कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हिंसक प्रदर्शन किया। ऐसी भी खबरें आईं कि उन्होंने अदियाला जेल में घुसने की कोशिश की।

हालांकि एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जेल अधिकारियों और पुलिस द्वारा अलीमा खान को इमरान खान से मुलाकात का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। दोनों बहनों को आज बाद में और अगले मंगलवार को फिर से इमरान खान से मिलने की अनुमति दी जा सकती है।

यह विरोध प्रदर्शन बीते हफ्ते इमरान की बहनों के धरने के बाद हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें सड़क पर घसीटा गया, उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कुछ देर के लिए हिरासत में भी रखा गया।

इस बीच, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि इमरान खान को जेल में पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आराम मिल रहा है।

जियो न्यूज के मुताबिक, आसिफ ने कहा, “उनके लिए आने वाले खाने का मेनू देखिए। यह किसी पांच सितारा होटल में भी नहीं मिलता।” उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री के पास टेलीविजन, व्यायाम उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध थीं। आसिफ ने कहा कि इमरान को एक डबल बेड और एक “मखमली गद्दा” भी दिया गया था।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version