Home मनोरंजन हॉलीवुड अभिनेता पीटर ग्रीन का 60 वर्ष की उम्र में निधन, अपार्टमेंट...

हॉलीवुड अभिनेता पीटर ग्रीन का 60 वर्ष की उम्र में निधन, अपार्टमेंट में मिला शव

पीटर ग्रीन की मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो अभिनेता के प्रतिनिधि से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

0

हॉलीवुड अभिनेता पीटर ग्रीन का 60 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। ग्रीन शुक्रवार को न्यूयॉर्क सिटी के लोअर ईस्ट साइड स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए। उनके मैनेजर ग्रेग एडवर्ड्स ने एनबीसी न्यूज को इस खबर की पुष्टि की। उनके निधन की जानकारी सबसे पहले न्यूयॉर्क डेली न्यूज ने दी थी।

मैनेजर ग्रेग एडवर्ड्स के मुताबिक, ग्रीन के घर से 24 घंटे से ज्यादा समय तक लगातार संगीत बजने की आवाज आ रही थी। इसके बाद वेलनेस चेक कराया गया, जिसमें अभिनेता अपने अपार्टमेंट में मृत मिले। एडवर्ड्स ने बताया कि सप्ताह की शुरुआत में उनकी ग्रीन से बातचीत हुई थी।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पीटर ग्रीन की मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो अभिनेता के प्रतिनिधि से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पीटर ग्रीन अपने पीछे एक बहन और एक भाई को छोड़ गए हैं। हॉलीवुड में अपने दमदार और गहरे किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले पीटर ग्रीन का जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

मैनेजर ग्रेग एडवर्ड्स ने एनबीसी न्यूज को बताया कि “पीटर से बेहतर खलनायक कोई नहीं निभा सकता था, लेकिन उसके भीतर एक बेहद नरम दिल वाला इंसान भी था, जिसे बहुत कम लोग जानते थे।” डेडलाइन से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन कैरेक्टर एक्टर्स में से एक थे। एक सच्चे दोस्त थे, जो जरूरत पड़ने पर अपनी कमीज़ भी दे देते। उन्हें बहुत प्यार मिला और उनकी कमी हमेशा खलेगी।

एडवर्ड्स के अनुसार, पीटर ग्रीन के दो प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में थे। वह मिकी रॉर्क के साथ फिल्म मैस्कॉट्स में काम करने वाले थे और एक डॉक्यूमेंट्री ‘फ्रॉम द अमेरिकन पीपल: द विथड्रॉल ऑफ यूएसएआईडी’ की नैरेशन भी कर रहे थे, जिसमें जेसन अलेक्जेंडर और कैथलीन टर्नर शामिल थे।

‘पल्प फिक्शन’ और ‘द मास्क’ से मिली पहचान

न्यू जर्सी में जन्मे पीटर ग्रीन ने 1990 में एनबीसी की क्राइम ड्रामा सीरीज ‘हार्डबॉल’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। दो साल बाद उन्होंने फिल्म ‘लॉज ऑफ ग्रैविटी’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा।

1990 के दशक की शुरुआत में वह तेजी से पहचान बनाने लगे। 1993 की क्लीन शेवेन, 1994 में आई द मास्क में खलनायक डोरियन टायरेल की भूमिका और क्वेंटिन टारनटिनो की चर्चित फिल्म पल्प फिक्शन (1994) में उनके किरदार को आज भी याद किया जाता है।

पीटर ग्रीन को एक बेहतरीन कैरेक्टर एक्टर माना जाता था। उन्होंने द यूज़ुअल सस्पेक्ट्स (1995), किस एंड टेल (1997), ब्लू स्ट्रीक (1999) और ट्रेनिंग डे (2001) जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। ट्रेनिंग डे में उन्होंने डेंज़ल वॉशिंगटन और इथन हॉक के साथ काम किया था।

टीवी में दर्ज कराई मौजूदगी

फिल्मों के अलावा ग्रीन ने टीवी में भी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। द ब्लैक डॉनेलीज, लाइफ ऑन मार्स और शिकागो पी.डी. में उनके किरदार दर्शकों को याद रहे। हाल के वर्षों में वह जॉन विक प्रीक्वल सीरीज द कॉन्टिनेंटल (2023) और 2025 में सीरीज डोप थीफ के एक एपिसोड में नजर आए थे।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version