Home भारत हिमाचल प्रदेशः कुल्लू में भूस्खलन से एक महिला की मौत, चार लोगों...

हिमाचल प्रदेशः कुल्लू में भूस्खलन से एक महिला की मौत, चार लोगों के फंसे होने की आशंका

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भूस्खलन से एक महिला की मौत हो गई है। वहीं परिवार के चार अन्य सदस्यों के फंसे होने की आशंका है।

himachal pradesh landslide woman killed and four missing rescue op continue, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से एक महिला की मौत, फोटोः आईएएनएस

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सोमवार (8 सितंबर) को रात में एक गांव में भूस्खलन से एक महिला की मौत हो गई और परिवार के चार अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। भूस्खलन की घटना रात 1 बजकर 30 मिनट के करीब हुई। यह घटना कुल्लू के निरमंड के एक गांव में हुई जिसमें दो घर पूरी तरह से बर्बाद हो गए। इसमें एक परिवार के लोग मलबे में फंस गए।

पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में फंसे हुए हैं।

मृतका का शव बरामद, राहत और बचाव कार्य जारी

शिव राम की पत्नी बरस्ती देवी का शव मलबे से बरामद कर लिया गया है। वहीं चार अन्य चुन्नी ला, अंजू, जागृति और पुपेश गायब हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

वहीं, इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायल लोगों की पहचान धर्मदास, उनकी पत्नी कला देवी और शिव राम के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शिव राम आंगन में सो रहे थे जिससे वह बचने में सफल रहे। हालांकि, उन्हें गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा। घायल हुए तीनों लोगों को ग्रामीणों की मदद से पास के अस्पताल में ले जाया गया।

यह भी पढ़ें – ऐश्वर्या राय बच्चन ने दिल्ली हाई कोर्ट से मांगी ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ की सुरक्षा, ऐसा करने वाले और कौन कलाकार हैं?

स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रमुख भोगा राम ने कहा कि जैसे ही भूस्खलन की घटना तेजी से फैली, वह और अन्य ग्रामीण घटनास्थल पर रात 2 बजे के करीब पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने आगे बताया कि अधिकारियों को बाद में सूचना दी गई।

ग्रामीणों और अधिकारियों की मदद से बचाव कार्य जारी है। इंडिया टुडे ने अधिकारियों के हवाले से लिखा कि बचाव दल की टीमें मलबे को हटा रही हैं जिससे लापता लोगों का पता चल सके।

हिमाचल प्रदेश में हुईं अन्य घटनाएं

लगातार हो रही मानसूनी बारिश की वजह से हिमाचल प्रदेश के कई भागों में हाल के कुछ हफ्तों में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं जिसके चलते घरों को नुकसान हुआ है और सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित रहने और रात में यात्रा करने से बचने को कहा है।

हिमाचल प्रदेश के अलावा अन्य पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। इसके अलावा पंजाब में भी भारी बारिश के चलते आई बाढ़ ने तबाही मचाई है। यहां पर हजारों एकड़ कृषि को नुकसान हुआ है। इसके साथ ही लोगों की जानमाल को भी नुकसान पहुंचा है।

यह भी पढ़ें – पंजाब में सामान्य से 74% तो हिमाचल में औसत से 68% अधिक हुई बारिश, दोनों ही राज्यों में बाढ़ से भारी तबाही, मंगलवार पीएम का दौरा

उत्तर प्रदेश और बिहार में नदियों के किनारे पर बसे शहरों के पास पानी काफी बढ़ गया जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। राजधानी दिल्ली के भी कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति देखी गई। दिल्ली के कई इलाकों में बने राहत शिविरों में भी पानी पहुंच गया।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version