Home भारत हिमाचल प्रदेशः 500 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 14 की मौत,...

हिमाचल प्रदेशः 500 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 14 की मौत, कई घायल

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक बस गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं 30 से अधिक लोग घायल हैं।

himachal pradesh a bus falls down at 500 feet deep gorge in sirmaur district 14 dead more than 30 injured, हिमाचल प्रदेश
फोटोः आईएएनएस

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में एक भीषण हादसा हुआ, जहां निजी बस के 500 फीट गहरी खाई में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार, 9 जनवरी को सिरमौर जिले में हुई।

हादसे का शिकार हुई बस शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही थी हरिपुरधर गांव के पास सड़क से उतर गई। बस लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दुर्घटनास्थल पर वाहन उल्टा पड़ा हुआ था, जो जिला मुख्यालय नाहन से लगभग 95 किलोमीटर दूर है।

अधिकारियों ने क्या बताया?

हिंदुस्तान टाइम्स ने अधिकारियों के हवाले से लिखा कि निजी बस में 39 यात्रियों के बैठने की क्षमता थी और दुर्घटना के समय वह ओवरलोडेड थी। बस में सवार यात्रियों की सही संख्या की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृतक को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट लिखी जिसमें कहा “हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

जारी है बचाव कार्य

घटनास्थल पर बचावकर्मियों द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है। संगराह के एसडीएम सुनील कायथ, जो बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ने बताया कि अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने पीटीआई को बताया कि घायलों को इलाज के लिए संगराह और दादहू के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

घटनास्थल पर आपातकालीन दल, पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने मलबे से बचे लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। एक बयान में उन्होंने जिला अधिकारियों को मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर, राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, शिमला सांसद सुरेश कश्यप और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी शोक व्यक्त किया।

उद्योग मंत्री और शिलाई विधानसभा क्षेत्र से स्थानीय विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने आगे कहा कि दादहू, संगराह और नाहन के अस्पतालों में तैनात चिकित्सा दल और डॉक्टरों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में दिखाया गया है कि निवासी घायल यात्रियों को खड़ी ढलान पर ले जाने में बचावकर्ताओं की मदद कर रहे हैं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version