मैसूर: कर्नाटक के मैसूर में एक पब में सोमवार (15 जून) को भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग निवासी 26 वर्षीय साहिन और नेपाल निवासी 24 वर्षीय प्रकाश के तौर पर की है।
आउटर रिंग रोड पर कनकदास नगर में स्थित ‘फॉक्स डेन’ पब का दौरा करने वाले DCP (लॉ एंड ऑर्डर) हर्षा प्रियंवदा ने कहा कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। पुलिस के बताया कि फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 3:15 बजे इस घटना की सूचना मिली। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने सीढ़ी का इस्तेमाल करके 15 लोगों को बचाया। आग बुझाने के बाद उन्हें दो लोगों के शव मिले जो पब में काम करते थे।
मैसूर पब में हुए हादसे पर क्या बोले अधिकारी?
प्रियंवदा ने कहा, “वहां लकड़ी और फर्नीचर जैसी आग पकड़ने वाली चीज़ें थीं। इनकी वजह से आग तेजी से फैल गई।”
जिस पब में आग लगी वह ग्राउंड फ्लोर पर चलता था और ग्राहकों के लिए छत पर अतिरिक्त टेबल और कुर्सियां रखी गई थीं। पब के मालिक की पहचान प्रीथम के तौर पर हुई है जिन्होंने एक कन्नड़ फिल्म में काम किया है।
यह भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावे में चोरी: कैसे खुल रही गबन की परतें, 5 साल में आरोपी हुए करोड़पति! अब तक क्या सामने आया है?
इंडियन एक्सप्रेस ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा कि “हमने पब के मालिक से दस्तावेज जमा करने को कहा है।”
पब मालिक घटनास्थल पर था मौजूद
अधिकारी ने कहा कि “जब यह घटना हुई तो प्रीतम अपने दोस्त के साथ वहीं मौजूद था। वह किसी तरह बच निकला और उसे मामूली चोटें आईं। वहां लकड़ी और बेंत का बहुत सारा सामान था, जिसकी वजह से शॉर्ट सर्किट के बाद आग फैल गई। हम यह भी पता लगा रहे हैं कि कहीं कोई धमाका तो नहीं हुआ था।”
अधिकारी ने आगे कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या पब को छत पर चलाने की इजाजत थी। उनके मुताबिक “यह हफ्ते का दिन था। वीकेंड पर यहां बहुत से लोग आते हैं।”
गर्मियों के दिनों में आग लगने की घटनाओं में वृद्धि देखी जाती है। बीते दिनों दिल्ली के तुगलकाबाद में पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगी जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी।
इससे पहले 3 जून को दक्षिण दिल्ली के हौज रानी स्थित एक गेस्ट हाउस एवं बेड-एंड-ब्रेकफास्ट सुविधा में लगी भीषण आग में 23 लोगों की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें – ‘खान सर ने रौशन आनंद के भाई की हत्या करवाई’, तेज प्रताप यादव का गंभीर आरोप

