Home मनोरंजन संगीतकार पलाश मुच्छल पर धोखाधड़ी और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज,...

संगीतकार पलाश मुच्छल पर धोखाधड़ी और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज, क्या है आरोप?

0
palasj muchhal
पलाश मुच्छल के खिलाफ धोखाधड़ी और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

मुंबईः संगीतकार और फिल्म निर्माता पलाश मुच्छल के खिलाफ महाराष्ट्र के सांगली में धोखाधड़ी और अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता और फिल्म निर्माता विज्ञान माने की शिकायत पर दर्ज हुआ है। गौरतलब है कि माने पलाश मुच्छल की पूर्व मंगेतर स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त भी हैं।

पलाश मुच्छल पर क्या आरोप हैं?

शिकायतकर्ता विज्ञान माने का आरोप है कि पलाश मुच्छल ने उन्हें अपनी फिल्म ‘नजरिया’ में निवेश करने के लिए लुभाया और उनसे 25 लाख रुपये लिए। विज्ञान माने के अनुसार, पैसे लौटाने के बजाय पलाश ने मुंबई के अपने संपर्कों के जरिए विज्ञान माने को शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

विज्ञान माने ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं संविधान और कानून के शासन में विश्वास रखने वाला नागरिक हूं। साल 2024 में पलाश मुच्छल ने फिल्म प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर मुझसे 25 लाख रुपये लिए थे। फिल्म पूरी होने के बाद भी बार-बार याद दिलाने के बावजूद उन्होंने पैसे लौटाने में लगातार टालमटोल की।”

माने के मुताबिक, 22 नवंबर 2025 को जब पलाश मुच्छल सांगली आए थे, तब उन्होंने अपने दोस्तों के साथ उनसे मुलाकात की। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है। माने का आरोप है कि इस मुलाकात के दौरान पलाश ने एक समुदाय को लेकर जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिनका जिक्र उन्होंने अपनी एफआईआर में किया है।

किन धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि पलाश मुच्छल के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(R)(S) के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि पलाश मुच्छल ने अपनी फिल्म ‘नजरिया’ की शूटिंग वर्ष 2024 में पूरी की थी। फिल्म में भाव्या शाह, अपूर्वा अरोड़ा और धीरज सनाप मुख्य भूमिकाओं में हैं।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version