Homeमनोरंजनधुरंधर की सफलता के बीच विवादों में फंसे अक्षय खन्ना, दृश्यम 3...

धुरंधर की सफलता के बीच विवादों में फंसे अक्षय खन्ना, दृश्यम 3 के निर्माता ने भेजा कानूनी नोटिस

दृश्यम 3 के निर्माता कुमार मंगत पाठक ने बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में बताया कि अक्षय खन्ना ने शुरुआत में विग पहनने की इच्छा जताई थी, लेकिन निर्देशक अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाया कि दृश्यम 3 एक सीक्वल है और इससे कंटिन्यूटी की समस्या पैदा होगी।

आदित्य धर की धुरंधर फिल्म में रहमान डकैत की भूमिका के लिए प्रशंसा हासिल कर रहे एक्टर अक्षय खन्ना विवादों में हैं। दरअसल यह विवाद अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 3 से जुड़ा हुआ है। निर्माता कुमार मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना पर गैर-पेशेवर व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा है कि शूटिंग से ठीक कुछ दिन पहले प्रोजेक्ट छोड़ने के चलते उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है और इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुमार मंगत ने पुष्टि की है कि अक्षय खन्ना अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे और उनकी जगह जयदीप अहलावत को कास्ट किया गया है।

कुमार मंगत पाठक के अनुसार, अक्षय खन्ना के साथ लंबी बातचीत और कई दौर की फीस री-नेगोशिएशन के बाद औपचारिक समझौता हुआ था। इसके बावजूद अभिनेता ने अपनी तय शूटिंग से करीब दस दिन पहले फिल्म से हटने का फैसला कर लिया। निर्माता का कहना है कि विवाद की एक बड़ी वजह अक्षय की विग पहनने की मांग थी।

किस बात को लेकर हुआ विवाद

पाठक ने बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में बताया कि अक्षय खन्ना ने शुरुआत में विग पहनने की इच्छा जताई थी, लेकिन निर्देशक अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाया कि दृश्यम 3 एक सीक्वल है और इससे कंटिन्यूटी की समस्या पैदा होगी। इस पर अक्षय ने बात मान ली थी और अपनी मांग वापस ले ली थी।

हालांकि, बाद में उनके आसपास के लोगों की सलाह पर अक्षय ने दोबारा विग पहनने की बात रखी। निर्माता के मुताबिक, निर्देशक इस मुद्दे पर चर्चा के लिए भी तैयार थे, लेकिन इसी बीच अक्षय ने साफ कर दिया कि वे अब फिल्म का हिस्सा ही नहीं बनना चाहते।

कुमार मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना के करियर को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सेक्शन 375 (2019) और दृश्यम 2 (2022) से पहले अभिनेता के पास काम नहीं था। उन्होंने कहा कि सेक्शन 375 से उन्हें पहचान मिली और दृश्यम 2 के बाद ही उन्हें बड़े ऑफर मिलने शुरू हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सेट पर अक्षय का व्यवहार नकारात्मक रहा है और यही वजह है कि पहले भी कई लोग उनके साथ काम करने से हिचकते थे।

‘सिर चढ़ गई है सफलता’

निर्माता ने यह भी कहा कि हालिया सफलता शायद अभिनेता के सिर चढ़ गई है। उनके मुताबिक, कुछ कलाकार मल्टी-स्टारर फिल्मों की सफलता के बाद खुद को अकेला स्टार मानने लगते हैं और अक्षय खन्ना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। पाठक का दावा है कि अक्षय ने यह तक कहा कि धुरंधर उनकी वजह से चली, जबकि किसी भी फिल्म की सफलता कई कारणों से होती है।

अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद जयदीप अहलावत को आधिकारिक तौर पर दृश्यम 3 में शामिल कर लिया गया है। कुमार मंगत पाठक ने कहा कि दृश्यम एक बड़ा ब्रांड है और किसी एक अभिनेता के होने या न होने से फिल्म नहीं रुकती। उन्होंने यह भी कहा कि जयदीप अहलावत न सिर्फ एक बेहतर अभिनेता हैं, बल्कि एक बेहतर इंसान भी हैं। गौरतलब है कि पाठक ने जयदीप के करियर की शुरुआती फिल्मों में से एक आक्रोश (2010) का निर्माण किया था।

आर्थिक नुकसान पर बात करते हुए निर्माता ने साफ कहा कि अक्षय खन्ना के व्यवहार की वजह से उन्हें नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने अभिनेता को लीगल नोटिस भेज दिया है और जवाब का इंतजार किया जा रहा है। विग को लेकर उठे विवाद पर कुमार मंगत पाठक ने हैरानी जताते हुए कहा कि दृश्यम 3 वहीं से शुरू होती है, जहां दृश्यम 2 खत्म हुई थी। ऐसे में किरदार के बाल अचानक कैसे आ सकते हैं, यह उनकी समझ से बाहर है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular