वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौता होने के बहुत करीब है, लेकिन अगर बातचीत सफल नहीं होती है तो सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला है।
डोनाल्ड ट्रंप दरअसल फॉक्स न्यूज को एक इंटरव्यू दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि “ हम एक बहुत अच्छे समझौते के करीब हैं और अगर यह अच्छा बनता है तो ठीक है नहीं तो हम फिर से ‘डिपार्टमेंट ऑफ वॉर’ के साथ आगे बढ़ेंगे।”
ईरान नहीं बनाएगा परमाणु हथियार: डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान इस बात पर सहमत हो गया है कि वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा और न ही हासिल करेगा। उन्होंने कहा, “मेरी सबसे बड़ी गारंटी यह होनी चाहिए कि उनके पास कोई परमाणु हथियार नहीं होगा। वे इस पर सहमत हो गए हैं।”
ट्रंप ने बताया कि बातचीत के नियमों को और बढ़ाया गया है क्योंकि उन्हें चिंता थी कि ईरान किसी और स्रोत से भी हथियार हासिल कर सकता है। ट्रंप ने आगे कहा कि “पहले वे कहते थे कि हम परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे। मैंने कहा, अगर आप कहीं से खरीद लें तो क्या होगा? अब इसमें यह भी शामिल है कि हम न तो बनाएंगे और न ही किसी भी तरह से कोई सैन्य हथियार खरीदेंगे।”
उन्होंने इन बातचीतों को कठिन बताया लेकिन यह भी कहा कि प्रगति हो रही है। ट्रंप ने कहा कि वह बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं लेकिन अगर उनकी शर्तें पूरी नहीं होती हैं तो अमेरिका कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि अगर हमें वह नहीं मिला जो हम चाहते हैं तो हम इसे किसी और तरीके से खत्म करेंगे।
सैन्य कार्रवाई को लेकर क्या बोले?
जब उनसे पूछा गया कि सैन्य कार्रवाई कब हो सकती है, तो ट्रंप ने कहा कि अगर समझौता अमेरिका के हितों की रक्षा नहीं करता, तो वह स्वीकार नहीं होगा।
उन्होंने कहा, “अगर कोई समझौता हमारे लिए अच्छा नहीं है, तो वही आखिरी सीमा है।” ट्रंप ने कहा कि ईरान एक कमजोर स्थिति से बातचीत कर रहा है क्योंकि पहले अमेरिका ने वहां सैन्य कार्रवाई की थी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समझौता हो जाता है तो होर्मुज स्ट्रेट तुरंत खोल दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें – पाकिस्तान के इतिहास की किताबों में क्या-क्या पढ़ाया जाता है, जिस पर उठते रहे हैं सवाल
राष्ट्रपति ने कहा कि अगले साल के मिडटर्म चुनावों का उनकी नीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। “मुझे वही करना है जो सही है।”
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया की कवरेज की आलोचना की और डेमोक्रेट्स पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि वे उनके घरेलू एजेंडे, जैसे टैक्स कट और बॉर्डर सिक्योरिटी उपायों का विरोध कर रहे हैं।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रशासन ईरान के साथ लंबे समय के समझौते की कोशिश कर रहा है जबकि पिछले कुछ महीनों से मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा हुआ है।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

