Home मनोरंजन दिलजीत दोसांझ ने बीच शो खालिस्तानी झंडे लहराने वालों को निकाला बाहर,...

दिलजीत दोसांझ ने बीच शो खालिस्तानी झंडे लहराने वालों को निकाला बाहर, मूसेवाला स्टाइल में दिया जवाब

0
diljit dosanjh, diljit dosanjh show, diljit dosanjh reply to khalistan,

कनाडा के कैलगरी में गुरुवार को पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के शो ‘ऑरा टूर’ में खालिस्तानी झंडे लहराए गए। इस हरकत से वह काफी नाराज हुए और बीच में ही शो को रोक दिया। उन्होंने कार्यक्रम के मंच से ही ऐसा करने वालों को करारा जवाब भी दिया।

दरअसल कैलगरी कॉन्सर्ट के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी झंडे लहराते हुए शो में व्यवधान डालने की कोशिश कर रहे थे। दिलजीत ने सिद्धू मूसेवाला के अंदाज में अपनी जांघ पर थाप देते हुए चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा कि जिसने आना है मैदान में आ जाए, उठाकर बाहर फेंक दूंगा।

दिलजीत ने साफ शब्दों में कहा कि जितने झंडे दिखाने हैं, दिखाओ। अगर उन्हें आपत्ति है तो वे कार्यक्रम स्थल छोड़ सकते हैं। दिलजीत ने कहा कि जो लोग उनका विरोध कर रहे हैं, पहले यह बताएं कि उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आई भीषण बाढ़ के दौरान उनकी टीम ने राहत कार्यों में हिस्सा लिया, लोगों के घर बनवाए और महीनों तक जमीन पर रहकर सेवा की, जबकि यह उनका पेशेवर दायित्व नहीं था।

दिलजीत ने मंच से कहा, “मेरा काम चैरिटी करना नहीं है, लेकिन मैं जिस भी मंच पर जाता हूं, वहां हमेशा पंजाब की बात करता हूं। हम अक्सर कहते हैं कि राष्ट्रीय मीडिया पंजाब के मुद्दों को पर्याप्त जगह नहीं देता। इसलिए मैं हर मंच पर पंजाब की आवाज उठाता हूं।”

दिलजीत दोसांझ ने केबीसी में जाने पर भी दी प्रतिक्रिया

शो के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी किसी निजी प्रचार के लिए नहीं गए थे, बल्कि पंजाब में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्यों के लिए मदद जुटाने पहुंचे थे। उन्होंने उस दौरान खुद भी आर्थिक सहयोग दिया था।

दिलजीत ने कहा, “मैं जिमी फॉलन के शो पर भी पंजाब और ‘गुरु नानक जहाज’ (कोमागाटा मारू घटना) के बारे में बात करने गया था। मैं वहां न किसी फिल्म का प्रचार करने गया था, न किसी गाने का। मेरा मकसद सिर्फ पंजाब और उससे जुड़े मुद्दों को दुनिया के सामने लाना था।”

उन्होंने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, कि अगर सिर्फ इसलिए परेशानी है कि मैं टीवी पर किसी के सामने बैठा था, तो जितने झंडे लहराने हैं लहराते रहो।”

दिलजीत ने कहा कि अगर पंजाब की आवाज उठाने की वजह से कोई उनका विरोध करना चाहता है तो वह शौक से करे। रोज झंडे दिखाओ, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मेरे शो में बुजुर्ग और बच्चे आते हैं। अगर कोई माहौल खराब करेगा या हंगामा करेगा तो उसे तुरंत बाहर निकाल दिया जाएगा। दिलजीत ने सरे के पिछले शो में हुए हंगामे का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने कॉन्सर्ट में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे।

‘कौन बनेगा करोड़पति’ से जुड़ा क्या है विवाद?

पिछले साल अक्टूबर में दिलजीत ‘केबीसी 17’ में नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे। शो में अमिताभ ने उन्हें “पंजाब दा पुत्तर” कहकर सम्मानित किया था और पंजाब बाढ़ राहत में उनके योगदान की सराहना की थी। दिलजीत ने वहां अपनी फिल्म ‘चमकीला’ का गीत ‘मैं हूं पंजाब’ भी प्रस्तुत किया था।

हालांकि एपिसोड के प्रसारण के बाद खालिस्तान समर्थक संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने इस पर आपत्ति जताई। संगठन ने आरोप लगाया कि अमिताभ बच्चन को सम्मान देना 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों का अपमान है।

दरअसल कुछ कट्टरपंथी सिख समूह लंबे समय से अमिताभ बच्चन पर आरोप लगाते रहे हैं कि उन्होंने 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिख विरोधी हिंसा भड़काने वाले बयान दिए थे। हालांकि अमिताभ बच्चन इन आरोपों को कई बार सिरे से खारिज कर चुके हैं।

2015 में उन्होंने एक बयान जारी कर कहा था कि ये आरोप पूरी तरह बेबुनियाद, झूठे और निराधार हैं। उन्होंने कहा था कि 1984 के दंगे देश के इतिहास का काला अध्याय हैं और उन्होंने हमेशा शांति और सौहार्द का संदेश दिया है।

संगठन ने दिलजीत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भी उनके कॉन्सर्ट बाधित करने की धमकी दी गई थी। उस समय ब्रिस्बेन कॉन्सर्ट में दिलजीत ने शांति और प्रेम का संदेश देते हुए कहा था कि मेरे लिए पूरी धरती एक है। मेरे गुरु ने ‘इक ओंकार’ सिखाया है। मैं हमेशा प्यार की बात करूंगा, चाहे कोई मुझे ट्रोल करे या आलोचना।

जिमी फॉलन शो में भी उठाई पंजाब की बात

हाल ही में दिलजीत ‘द टुनाइट शो विद जिमी फॉलन’ में भी नजर आए, जहां उन्होंने कनाडा के वैंकूवर में अपने ऐतिहासिक कॉन्सर्ट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2024 में बीसी प्लेस स्टेडियम में उनके शो में 55 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे, जिसे भारत के बाहर अब तक का सबसे बड़ा पंजाबी म्यूजिक कॉन्सर्ट माना गया।

इस पूरे विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिलजीत के समर्थन में एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “दिलजीत दोसांझ, मैंने आपको कई साल पहले ही चेतावनी दी थी। इन खालिस्तानी लोगों की फितरत कभी नहीं बदलती। इनके लिए सब कुछ सिर्फ पैसों का खेल है। इन्होंने हमेशा म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाया है।”

बिट्टू ने आगे कहा कि ऐसे लोग पहले भी कई कलाकारों को निशाना बना चुके हैं और अब दिलजीत को टारगेट कर रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः सत्यजीत राय की 10 कालजयी फिल्में, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को दुनिया में दिलाई पहचान

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version