Home भारत Airbus A320 में खराबी के कारण भारत के 350 विमान प्रभावित, DGCA...

Airbus A320 में खराबी के कारण भारत के 350 विमान प्रभावित, DGCA ने क्या कहा?

Airbus A320 में खराबी के कारण भारत के 350 विमान प्रभावित हैं। इस पर विमानन नियामक कंपनी DGCA ने एक बयान जारी किया है।

dgca released a statement regarding airbus 320 glitch affected more than 300 planes in india, डीजीसीए
डीजीसीए ने जारी किया बयान, फोटोः IANS

एयरबस द्वारा अपने A320 बेड़े में बड़े सुधार के निर्देश ने वैश्विक उड़ान संचालन को बाधित कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप कई एयरलाइनों के लिए उड़ानें रद्द और प्रभावित हो रही हैं। भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी एक अपडेट साझा किया है कि एयरबस के निर्देश ने देश में उड़ान संचालन को कैसे प्रभावित किया?

डीजीसीए ने कहा कि अधिकारियों ने भारत में 338 ए320 परिवार के विमानों की पहचान की है। इनमें आधे से ज्यादा करीब 55 फीसदी उड़ान नियंत्रण सॉफ्टवेयर अपडेट से गुजर चुके हैं।

DGCA ने क्या कहा?

इससे पहले अपने बयान में वायु नियामक ने कहा था कि सभी भारतीय एयरलाइनों को आवश्यक सॉफ्टवेयर अपग्रेड करने के लिए एक उड़ानयोग्यता निर्देश जारी किया गया था।

नियामक ने कहा “एयरबस एओटी और ईएएसए आपातकालीन एडी के आधार पर डीजीसीए ने 29 नवंबर को एक अनिवार्य संशोधन जारी किया है जिसमें विमान के निरंतर सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक अनिवार्य कार्रवाइयों को निर्धारित किया गया है।”

भारत में ए320 बेड़े के A320Ceo और नियो वेरिएंट, साथ ही A321Ceo और नियो मॉडल, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया जैसी प्रमुख एयरलाइन कंपनियों द्वारा संचालित किए जाते हैं। हिंदुस्तान टाइम्स ने डीजीसीए के हवाले से लिखा कि यूरोपीय संघ विमानन सुरक्षा एजेंसी (ईएएसए) द्वारा सॉफ्टवेयर सुधार निर्देश के बाद इंडिगो के 200 विमान, एयर इंडिया के 113 और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 25 विमान प्रभावित हुए हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 113 इंडिगो, 42 एयर इंडिया और चार एयर इंडिया एक्सप्रेस विमानों में अपग्रेड किया गया है।

दिल्ली, मुंबई समेत कई केंद्रों पर सॉफ्टवेयर सुधार

कथित तौर पर दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता स्थित एयरलाइनों के केंद्रों पर सॉफ्टवेयर सुधार किए जा रहे हैं।

इससे पहले आज एयर इंडिया और इंडोगो ने यात्रियों के दिशानिर्देश जारी किए। इनमें उन्हें ए320 में गड़बड़ी और लागू आपातकालीन उड़ान योग्यता निर्देश (एडी) के कारण संभावित देरी और उड़ान कार्यक्रम में बदलाव के बारे में चेतावनी दी गई।

एयर इंडिया ने बताया कि इस सुधार में उसके बेड़े के कुछ हिस्सों में सॉफ्टवेयर/हार्डवेयर पुनर्संरेखण शामिल होगा और इंडिगो ने कहा कि वह अनिवार्य अपडेट सक्रिय रूप से पूरा कर रहा है।

यह भी पढ़ें – पश्चिम बंगालः महीनों के गतिरोध के बाद ममता सरकार ने नए वक्फ कानून लागू करने का किया फैसला

यह निर्देश 30 अक्टूबर को कैनकन से नेवार्क जाने वाली जेटब्लू की एक उड़ान में हुई एक घटना के बाद जारी किया गया था जिसमें एयरबस A320 का विमान अनियंत्रित रूप से नीचे की ओर झुक गया था जिससे कई यात्री घायल हो गए थे।

बाद में एयरबस के एक प्रारंभिक आकलन में एलिवेटर ऐलेरॉन कंप्यूटर (ELAC) उड़ान-नियंत्रण प्रणाली में खराबी को संभावित कारण बताया गया।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version