Home भारत दिल्लीः विवेक विहार के रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में 9...

दिल्लीः विवेक विहार के रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत; कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय नगर पार्षद पंकज लूथरा ने कहा कि दूसरी मंजिल पर पांच शव मिले और यह पहचानना मुश्किल है कि वे पुरुष हैं या महिलाएं। उन्होंने बताया कि तीसरी मंजिल पर भी एक शव मिला है और अब तक नौ शव बरामद किए गए हैं।

0
delhi fire, vivek vihar fire, delhi news,
दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। फोटोः IANS

दिल्ली में विवेक विहार स्थित एक इमारत में रविवार तड़के करीब 3:47 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत की खबर है। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, आग विवेक विहार फेज-1 स्थित एक बहुमंजिला मकान में तड़के करीब 3:48 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपदा राहत एजेंसियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में पता चला कि आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल चुकी थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 12 से 14 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस, क्राइम टीम, ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (डीडीएमए) ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाया। आग इतनी भीषण थी कि करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे उस पर काबू पाया जा सका। जबकि पूरी तरह आग बुझाने में सुबह 8 बजे तक का समय लगा।

स्थानीय नगर पार्षद पंकज लूथरा ने कहा कि दूसरी मंजिल पर पांच शव मिले और यह पहचानना मुश्किल है कि वे पुरुष हैं या महिलाएं। उन्होंने बताया कि तीसरी मंजिल पर भी एक शव मिला है और अब तक नौ शव बरामद किए गए हैं।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अधिकारियों के अनुसार, बचाए गए लोगों में से दो को मामूली चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया। वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि सर्च ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

कैसे लगी आग, क्या बात सामने आई है?

आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एयर कंडीशनर (एसी) में हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है। दमकल विभाग के अनुसार आग घरेलू सामानों से शुरू होकर छह फ्लैटों तक फैल गई थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ लोग जान बचाने के लिए इमारत से बाहर भागे, जबकि कई लोग अंदर ही फंस गए थे। पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं।

यह भी पढ़ेंः खुले में नमाज को लेकर हाईकोर्ट की टिप्पणी पर मुस्लिम समुदायों ने क्या कहा है?

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version