आज यानी 1 दिसंबर से कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जो आपकी जेब, बैंकिंग, पेंशन और टैक्स से जुड़े हैं। आज से LPG सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और एटीएफ के नए रेट जारी हो गए। सरकारी कर्मचारियों के लिए पेंशन स्कीम में बदलाव का मौका खत्म हो गया है, जबकि ऑनलाइन बैंकिंग के नियमों में भी बदलाव आ चुके हैं। आधार कार्ड अपडेट करने की प्रक्रिया आसान कर दी गई है और UIDAI ने इसके लिए डॉक्यूमेंट की नई लिस्ट जारी की है।
इस महीने कुल छह अहम बदलाव लागू हुए हैं। इनमें PAN–आधार लिंकिंग की डेडलाइन, तय तारीख के बाद ITR भरने का आखिरी मौका, SBI की mCASH सर्विस का बंद होना और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में कमी शामिल है। इसी बीच RBI की MPC मीटिंग से ब्याज दर घटने की उम्मीद की जा रही है। 1 दिसंबर से क्या-क्या बदला है, आइए जानते हैंः
1. PAN–आधार लिंक करने की आखिरी तारीख
31 दिसंबर 2025 को PAN और आधार लिंक करने की अंतिम तारीख तय की गई है। यह नियम उन लोगों पर लागू होगा जिन्हें 1 अक्टूबर 2024 से पहले आधार एनरोलमेंट ID के आधार पर PAN मिला था। अगर समय पर लिंकिंग नहीं की गई तो PAN डी-एक्टिव हो जाएगा, जिससे ITR फाइलिंग, बैंक KYC, लोन प्रोसेसिंग और सरकारी सब्सिडी जैसी सुविधाएं प्रभावित होंगी। इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल पर PAN नंबर, आधार नंबर और OTP के जरिए लिंकिंग की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है और निर्धारित जुर्माना भी देना होगा।
2. RBI की MPC मीटिंग – ब्याज दरें घट सकती हैं
3 से 5 दिसंबर तक रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक चल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि रेपो रेट को 0.25% घटाकर 5.25% किया जा सकता है। ऐसा हुआ तो लोन सस्ते होंगे और EMI कम हो जाएगी। इससे पहले सितंबर और अगस्त की बैठकों में दरों में बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन इस साल अब तक तीन बार कटौती हुई और कुल 1% की कमी दर्ज की गई।
3. लेट फीस के साथ ITR फाइल करने का आखिरी मौका
असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए ITR अब सिर्फ लेट फीस देकर ही फाइल किया जा सकता है। अगर इनकम 5 लाख तक है तो ₹1,000 का पेनाल्टी देना होगा और इससे ज्यादा इनकम वालों को ₹5,000 चुकाने होंगे। 31 दिसंबर तक ITR नहीं भरने पर लॉस कैरी फॉरवर्ड का हक भी खत्म हो जाएगा। इसके लिए फॉर्म-16, बैंक स्टेटमेंट, कैपिटल गेन और विदेशी आय जैसे जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने चाहिए और अकाउंटेंट से तुरंत संपर्क करना बेहतर होगा।
4. टैक्स ऑडिट वाली फाइलिंग – डेडलाइन बढ़ी
टैक्स ऑडिट वाले मामलों में ITR फाइलिंग की समयसीमा बढ़ाकर 10 दिसंबर 2025 कर दी गई है। यह राहत उन बिजनेस ओनर्स, प्रोफेशनल्स और 1 करोड़ से ज्यादा टर्नओवर वाले लोगों को मिली है। फाइलिंग करते समय ऑनलाइन पोर्टल पर Form 3CD के साथ ITR-3 या ITR-5 जमा करना होगा। समयसीमा निकलने पर सेक्शन 234A के तहत ब्याज लगने की संभावना होगी।
5. SBI की mCASH सर्विस बंद
1 दिसंबर 2025 से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी mCASH सर्विस पूरी तरह बंद कर दी है। अब OnlineSBI या YONO Lite के जरिए इस तरीके से पैसे भेजना या क्लेम करना संभव नहीं होगा। ट्रांसफर के लिए अब UPI, NEFT या IMPS जैसे विकल्प इस्तेमाल करने होंगे। बैंक एप को अपडेट रखना जरूरी है ताकि लेन-देन में दिक्कत न हो।
6. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता
आज से नए रेट लागू हो गए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत ₹10.50 तक घटा दी है। दिल्ली में अब इसकी कीमत ₹1580.50 और मुंबई में ₹1531.50 हो गई है। इससे किचन और होटलों के बजट को थोड़ी राहत मिलेगी।
7. पेंशन स्कीम स्विच करने का मौका खत्म
यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के लिए रजिस्ट्रेशन की समयसीमा 30 नवंबर को खत्म हो गई है। अब कर्मचारी NPS से UPS में स्विच नहीं कर पाएंगे। सरकार पहले ही समयसीमा एक बार बढ़ा चुकी थी और साफ कर दिया था कि 1 दिसंबर से विंडो दोबारा नहीं खुलेगी।

