Home भारत Cyclone Montha: चक्रवाती तूफान मोंथा आज देगा दस्तक, किन राज्यों में असर;...

Cyclone Montha: चक्रवाती तूफान मोंथा आज देगा दस्तक, किन राज्यों में असर; 10 बड़े अपडेट

चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के आज आंध्र प्रदेश में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के पास पहुंचने की संभावना है। तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश पर ही दिखेगा। उत्तर भारत में यूपी-बिहार में भी अगले दिन में बारिश की संभावना है।

0
Chennai: Fishermen keep their boats ashore and shift them from the Nochikuppam shore during Cyclone Montha, as rough seas and strong winds suspend fishing activities along the coast, in Chennai on Monday, October 27, 2025. (Photo: IANS)

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ मंगलवार देर शाम या रात तक आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि चक्रवाती तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है और आज देर शाम इसके मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के पास पहुंचने की संभावना है।

खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह जारी की गई है। कई राज्यों में इसका असर बारिश और तेज हवाओं के तौर पर नजर आ सकता है। मोंथा को लेकर ताजा अपडेट क्या सामने आया है और मौसम विभाग ने क्या कुछ बताया, आईए 10 प्वाइंट में जानने की कोशिश करते हैं।

Cyclone Montha: चक्रवाती तूफान मोंथा- 10 अपडेट

  1. भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने बताया है कि तूफान का सबसे ज्यादा आंध्र प्रदेश में नजर आएगा। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित होगा, उसके बाद ओडिशा और फिर छत्तीसगढ़ हैं। 28 से 30 अक्टूबर के बीच आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भारी वर्षा जारी रहेगी।’
  2. मौसम विभाग के अनुसार मोंथा के आंध्र प्रदेश के तट पर एक गंभीर चक्रवाती तूफान के तौर पर आज शाम टकराने की संभावना है। तूफान के टकराने के समय इसकी अधिकतम गति 90-100 किमी प्रति घंटा हो सकती है।
  3. आंध्र प्रदेश से टकराने के बाद चक्रवात मोंथा धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा और ओडिशा की ओर रूख करेगा। मंगलवार सुबह के अपडेट के अनुसार चक्रवात का असर तटीय आंध्र प्रदेश में साफ तौर पर नजर आ रहा है, जहां भारी बारिश और तेज हवाएँ चल रही हैं। पूरा तटीय क्षेत्र हाई अलर्ट पर है।
  4. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्य सचिवालय स्थित रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी सेंटर से स्थिति की समीक्षा की है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात की है और उन्होंने राज्य को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
  5. तमिलनाडु में तूफान का पूरा असर नहीं दिखाई देने की संभावना है, लेकिन चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू सहित कई जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण अधिकारियों ने सुरक्षा सलाह जारी की है और स्कूलों को बंद कर दिया है। आईएमडी ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और रानीपेट जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा है, जिसमें कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी दी गई है। चेन्नई के जिला कलेक्टर ने मंगलवार को एहतियात के तौर पर शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की है।
  6. समाचार लिखे जाने तक मिली अपडेट के मुताबिक चक्रवात अभी चेन्नई से 420 किलोमीटर, विशाखापत्तनम से 500 किलोमीटर और काकीनाडा से 450 किलोमीटर दूर है और 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
  7. अधिकारियों ने बताया है कि चक्रवात से आंध्र प्रदेश के 1,419 गाँव और 44 कस्बे प्रभावित होने की आशंका है। अधिकारियों ने लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में जाने को कहा गया है।
  8. इस बीच इस बीच ओडिशा सरकार भी अलर्ट मोड पर है और संभावित प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा रहा है। राज्य के आठ दक्षिणी जिलों में- जहाँ ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है, हल्की बारिश हो रही है। चक्रवात के मार्ग बदलने की स्थिति को देखते हुए सभी जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।
  9. महाराष्ट्र के भी कुछ जिलों में 28 से 30 अक्टूबर के बीच मध्यम से भारी बारिश की आशंका है। इनमें चंद्रपुर, गढ़चिरौली, वर्धा, वाशिम, यवतमाल, गोंदिया, नागपुर जैसी जगहें शामिल हैं। इसके अलावा मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली में 30 अक्टूबर के आसपास बारिश की संभावना जताई है।
author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version