Home भारत तमिलनाडु: 59 साल बाद कैबिनेट में कांग्रेस को मिलेगी जगह, टीवीके सरकार...

तमिलनाडु: 59 साल बाद कैबिनेट में कांग्रेस को मिलेगी जगह, टीवीके सरकार में पार्टी के दो सदस्य बनेंगे मंत्री

तमिलनाडु में कांग्रेस पार्टी को 59 साल बाद कैबिनेट में जगह मिली है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट किया है।

congress-to-get-place-in-cabinet-after-59-years-2mla-will-minister-in-tvk-government, टीवीके, तमिलनाडु
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

चेन्नईः कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार (20 मई) को बताया कि तमिलनाडु में कांग्रेस के दो विधायक कल विजय के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेंगे। वेणुगोपाल ने बताया कि विधायक राजेश कुमार और पी विश्वनाथन तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनेंगे। ऐसा 59 साल बाद हो रहा जब कांग्रेस राज्य की कैबिनेट का हिस्सा बनेगी।

कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने इस बाबत एक्स पर एक पोस्ट भी की। इस पोस्ट में लिखा ” यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि कांग्रेस 59 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद तमिलनाडु मंत्रिमंडल में शामिल हो रही है। “

टीवीके ने गठबंधन साथियों को कैबिनेट में शामिल होने का किया था अनुरोध

इससे पहले आज दिन में टीवीके ने अपने गठबंधन सहयोगियों से मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल होने का अनुरोध किया था। टीवीके के महासचिव आधव अर्जुन ने यह जानकारी दी।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और खेल विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की यही मंशा है कि सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर चलने वाले नेता और दल मंत्रिमंडल में शामिल हों।

अर्जुन ने मीडियाकर्मियों से कहा कि “ मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों के बारे में औपचारिक घोषणा करेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि गठबंधन दलों को मंत्रिमंडल में शामिल होना चाहिए। इसी तरह, वामपंथी दलों ने हमें बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है। हम इसका हमेशा सम्मान करेंगे। यह सरकार सामाजिक न्याय की सरकार होगी और हम धर्मनिरपेक्ष नीति पर दृढ़ हैं। ”

यह भी पढ़ें – फीफा वर्ल्ड कप के लिए भारत में नहीं मिल रहे ब्रॉडकास्टर, कहां फंसा है पेंच; क्यों आई ऐसी नौबत?

उन्होंने आगे कहा कि “पार्टी (टीवीके) ने विदुथलाई चिरुथाईगाल काची (वीसीके) प्रमुख थोल थिरुमावलवन को मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। हम विनम्रतापूर्वक निवेदन करते हैं कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के हमारे इस्लामी भाइयों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए। हमने इस बात पर नेताओं के समक्ष जोर दिया है। ” उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री का मानना ​​है कि मंत्रिमंडल एक परिवार की तरह होना चाहिए। हमने अपनी इच्छा व्यक्त की है कि विदुथलाई चिरुथाइगल काची हो, आईयूएमएल हो या कांग्रेस सभी मंत्रिमंडल में भाग लें।”

तमिलनाडु में 4 मई को जारी हुए थे नतीजे

गौरतलब है कि 4 मई को विधानसभा चुनाव के मतगणना के बाद जब विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को सरकार बनाने के लिए बहुमत नहीं मिला तो कांग्रेस उन पहले दलों में से थी जिन्होंने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को समर्थन दिया। पार्टी के पास पांच विधायक थे। लगभग एक सप्ताह के भीतर अन्य दलों ने भी इस टीवीके पार्टी को समर्थन दिया। इससे ऐतिहासिक चुनावी प्रदर्शन के बाद विजय तमिलनाडु में सरकार बनाने में सफल रहे।

इस बीच नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लिए मुश्किलें खड़ी होती दिख रही हैं, क्योंकि उन्हें उनके गठबंधन सहयोगी दल – सीपीआई (एम) – से राज्य मंत्रिमंडल में प्रतिद्वंद्वी एआईएडीएमके को शामिल न करने की चेतावनी मिली है। यह मंत्रिमंडल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) द्वारा बहुमत से 108 सीटें कम जीतने के बाद आवश्यक समर्थन जुटाने के लिए कई दिनों के संघर्ष के बाद बनाया गया था।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version