Home भारत अयोध्या दान घोटाले पर विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, बोले- राम भक्तों...

अयोध्या दान घोटाले पर विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, बोले- राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, सबूत हैं तो SIT को दें

देवरिया में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे और अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का अदालत में विरोध करते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय ऐसा भी था जब…

0
Speaker in orange robes addresses a crowd from a flower-decorated podium, gesturing with his right hand near two microphones.
राम मंदिर दान घोटाले पर सीएम योगी ने दी प्रतिक्रिया। IANS

देवरियाः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित दान गबन मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सनातन मूल्यों और जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। और मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले ही दिन स्पष्ट कर दिया था कि इस पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास ठोस तथ्य और प्रमाण हैं तो उन्हें विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने प्रस्तुत किया जाए, लेकिन बिना सबूत के आरोप-प्रत्यारोप कर राम भक्तों की आस्था को ठेस न पहुंचाई जाए।

‘राम भक्तों की आस्था की अग्निपरीक्षा मत लो’

देवरिया में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे और अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का अदालत में विरोध करते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय ऐसा भी था जब ‘जय श्री राम’ के नारे पर लाठी और गोली चलती थी, जबकि आज वही लोग आस्था से खिलवाड़ की बात कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “तुम हमें आस्था बताओगे? राम नवमी पर दंगे करवाते थे, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर प्रतिबंध लगाते थे, कांवड़ यात्रा नहीं निकलने देते थे और दुर्गा पूजा में उपद्रव करवाते थे।” उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और प्रमाण के आरोप लगाना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, “राम भक्तों की अग्निपरीक्षा मत लो। उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ करना बंद कीजिए। अगर प्रमाण हैं तो SIT के सामने रखिए, अन्यथा आरोप-प्रत्यारोप बंद करिए।”

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को केवल लूटा ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए। अब वही लोग अयोध्या पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

‘अपराधियों और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद से अपराधियों और माफिया के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा, पहले उत्तर प्रदेश माफिया और दंगों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है।

सीएम योगी ने कहा कि मुहर्रम जैसे संवेदनशील अवसर पर भी कोई सड़क पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता और न ही किसी उत्सव के माहौल को बिगाड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसा करेगा तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनने से निवेश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देवरिया, गोरखपुर और कुशीनगर जैसे क्षेत्रों में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा, जो युवा पहले नौकरी के लिए कोलकाता, मुंबई और सूरत जैसे शहरों का रुख करते थे, वे अब अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त कर रहे हैं।

दिल्ली सरकार पर भी बोला हमला

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने दिल्ली से अयोध्या पहुंचे एक नेता का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन राजधानी को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं मिला।

उन्होंने कहा, “अगर डबल इंजन की भाजपा सरकार ने अयोध्या के लिए जो काम किया, वही काम आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में किया होता, तो दिल्ली भी आज अयोध्या धाम की तरह चमक रही होती।”

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version