Home भारत सीएम विजय का बड़ा आदेश- तमिलनाडु में स्कूलों और धार्मिक स्थलों के...

सीएम विजय का बड़ा आदेश- तमिलनाडु में स्कूलों और धार्मिक स्थलों के पास स्थित 717 शराब दुकानें होंगी बंद

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 276 शराब दुकानें धार्मिक स्थलों के पास स्थित है। 86 दुकानें स्कूल और कॉलेजों के करीब हैं और 255 दुकानें बस स्टैंडों के आसपास संचालित हो रही हैं।

0
Government official signs documents at a Tamil Nadu government office desk with Indian flags nearby
तमिलनाडु में स्कूलों और धार्मिक स्थलों के पास स्थित 717 शराब दुकानें होंगी बंद। IANS

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सी जोसेफ विजय ऐक्शन में दिख रहे हैं। शपथ के तुरंत बाद कई बड़े फैसलों के बाद अब उन्होंने एक और महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। सीएम विजय ने बड़ा फैसला लेते हुए धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के पास संचालित 717 टीएएसएमएसी शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। सरकार ने कहा है कि अगले दो सप्ताह के भीतर इन दुकानों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर दिया जाएगा।

तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (टीएएसएमएसी) के तहत फिलहाल राज्यभर में 4,765 शराब की खुदरा दुकानें संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंडों के बेहद करीब स्थित शराब दुकानों की पहचान की जाए।

सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में पता चला कि 717 दुकानें तय 500 मीटर के दायरे के भीतर संचालित हो रही हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने जनहित और सामाजिक प्रभावों को ध्यान में रखते हुए इन्हें बंद करने का फैसला लिया।

किन इलाकों की दुकानें होंगी बंद?

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 276 शराब दुकानें धार्मिक स्थलों के पास स्थित है। 86 दुकानें स्कूल और कॉलेजों के करीब हैं और 255 दुकानें बस स्टैंडों के आसपास संचालित हो रही हैं।

सरकार का कहना है कि स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के पास शराब की दुकानों को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों की शिकायतें और विरोध सामने आते रहे हैं। ऐसे में यह फैसला सामाजिक सुधार और सार्वजनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जनहित और सामाजिक प्रभाव पर जोर

मुख्यमंत्री विजय के इस फैसले को राज्य में शराब बिक्री को लेकर सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में शराब दुकानों की मौजूदगी से सामाजिक और सार्वजनिक समस्याएं बढ़ रही थीं, इसलिए इन्हें हटाने का निर्णय लिया गया। राज्य सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी चिन्हित दुकानों को तय समयसीमा के भीतर बंद करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

गौरतलब है कि इससे पहले विजय ने तीन बड़े फैसले लिए थे। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, नशे के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स के गठन और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘सिंगापेन’ स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का आदेश जारी किया था।

ये भी पढ़ेंः तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ का बोझ!, वादों को पूरा करने में विजय को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा?

आईएएनएस इनपुट के साथ

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version