Home भारत छत्तीसगढ़ः भाजपा सरकार के दो साल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेश...

छत्तीसगढ़ः भाजपा सरकार के दो साल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार 13 दिसंबर को 2 साल पूरा करेगी। इस दौरान 12 दिसंबर को पत्रकारों के सामने सीएम ने रिपोर्ट कार्ड पेश किया।

0
chhattisgarh vishnu deo sai government will complete 2 year on 13 december present report card, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की भाजपा सकार 13 दिसंबर को पूरा करेगी 2 साल

रायपुरः छत्तीसगढ़ की सरकार, शनिवार 13 दिसंबर को अपना 2 साल का कार्यकाल पूरा कर लेगी। इसकी पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

सीएम साय ने बताया कि उनकी सरकार ने नक्सल उन्मूलन, गरीबों को आवास, किसानों को उपज का उचित दाम दिलवाने से लेकर हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

विष्णु देव साय ने क्या उपलब्धियां गिनाईं?

सरकार पर बढ़ा जनता का भरोसा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 12 दिसंबर को अपनी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और उनकी गारंटियों पर विश्वास जताते हुए छत्तीसगढ़ की जनता ने जो सेवा का अवसर दिया, उसे सरकार ने पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाया है। दो वर्षों में जनता का भरोसा और अधिक सशक्त हुआ है।

खेती को बनाया लाभ का व्यवसाय: मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सरकार के गठन के दूसरे ही दिन 18 लाख से अधिक जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई। किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी जारी है जिससे खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया गया है।

महिलाएं हो रही हैं आर्थिक रूप से मजबूत: उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना एक ऐतिहासिक पहल बनी। लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। डीबीटी के माध्यम से अब तक 22 किस्तों में 14 हजार 306 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है।

वनवासियों की भी, सरकार कर रही है परवाह: मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जनजातीय समाज और वनोपज संग्राहकों के हित में तेंदूपत्ता पारिश्रमिक 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपये किया गया है। 13 लाख परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है। चरणपादुका योजना पुनः प्रारंभ की गई है तथा 73 लाख गरीब परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

माओवाद को लेकर क्या कहा?

माओवादियों के खिलाफ लड़ाई, निर्णायक मोड़ पर: मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। पिछले दो वर्षों में 505 नक्सली न्यूट्रलाइज, 2386 ने आत्मसमर्पण किया और 1901 गिरफ्तार हुए।
विष्णुदेव साय ने एक्स पर, आज शुक्रवार को, सुकमा जिले में “पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन” कार्यक्रम के तहत दरभा डिवीजन कमेटी सहित विभिन्न नक्सली संगठनों से जुड़े 10 माओवादी कैडरों के आत्मसमर्पण को ऐतिहासिक और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बताया। उल्लेखनीय है कि इनमें 6 महिला माओवादी भी शामिल हैं, जिन पर कुल 33 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प अब केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि तेजी से साकार होती वास्तविकता बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई अब अपने निर्णायक मोड़ पर है।

बस्तर के सुदूर अंचलों तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य: सुरक्षा के साथ-साथ विकास के जरिए बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। साय ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना के तहत सुदूर गांवों में राशन, आधार, आयुष्मान कार्ड, आवास, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। बस्तर में स्कूल पुनः शुरू हुए हैं और इको-टूरिज्म, बस्तर पंडुम तथा बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन नई पहचान बना रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री करेंगे, बस्तर ओलंपिक का समापन: मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन हो रहा है । पिछले साल इस ओलंपिक खेल में 1 लाख 65 हजार खिलाड़ी शामिल हुए थे जो कि इस साल बढ़कर 3 लाख 91 हजार तक पहुंच गई है। बस्तर ओलंपिक का समापन समारोह शनिवार 13 दिसंबर को होगा। इस समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। 12 दिसंबर की देर रात शाह रायपुर पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद 13 दिसंबर को वे जगदलपुर में आयोजित समापन समारोह में भाग लेंगे।

सरकार का संकल्प, प्रदेश को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में लाना: साय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक और सामाजिक अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। सरकार का संकल्प है कि विकास, सुरक्षा और सुशासन के साथ छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार पूरी निष्ठा से छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करेगी और सभी से प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए एकजुट होकर अपना योगदान देने का आह्वान किया।

author avatar
प्रवीण सिंह
छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले का रहने वाला हूं। पिछले 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिष्ठित चैनल ईटीवी और सहारा समय के प्रदेश में पहले रिपोर्टर, 2001 में मुंबई से रायपुर आने के बाद लगातार विभिन्न चैनलों , प्रिंट और ईटीवी भारत की वेबसाइट में भी अपनी सेवाएं दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version