Home भारत छत्तीसगढ़ः खल्लारी माता मंदिर में टूटी रोपवे केबल; महिला की मौत, 17...

छत्तीसगढ़ः खल्लारी माता मंदिर में टूटी रोपवे केबल; महिला की मौत, 17 घायल

chhattisgarh khallari mata temple ropeway collapse woman killed 16 injured, छत्तीसगढ़, खल्लारी माता मंदिर
फोटोः आईएएनएस

रायपुरः छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार (22 मार्च) को खल्लारी माता मंदिर में एक दुर्घटना हुई। इस घटना में रोपवे केबल टूटने से एक महिला की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए।

इस घटना से लगभग 3,000 फीट ऊपर स्थित लोकप्रिय पहाड़ी मंदिर में दहशत फैल गई। यहां पर नवरात्रि के उपलक्ष्य में श्रद्धालु प्रार्थना के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में पहुंच रहे थे।

रोपवे टूटने से केबिन नीचे गिरने से मची अफरा-तफरी

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक तीर्थयात्रियों द्वारा पहाड़ी की चोटी पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रोपवे बीच रास्ते में ही टूट गई। इससे केबिन नीचे गिर गए और यात्री घायल हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि अचानक हुई इस घटना के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और अफरा-तफरी मच गई।

यह मंदिर एक प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल है। नवरात्रि के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। इस दौरान तीर्थयात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है।

इंडिया टुडे ने अधिकारियों के हवाले से लिखा कि इस दुर्घटना में 17 लोग घायल हुए हैं। वहीं, एक महिला की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई। घायलों में पांच को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं अन्य लोगों का स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार किया गया और छुट्टी दी गई।

हालांकि यह रोपवे कैसे टूटी, इसके संभावित कारणों के बारे में अभी पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने हालांकि जांच शुरू कर दी है। घटना ने रखरखाव मानकों और सुरक्षा जांचों को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। खासकर तब जब नवरात्रि जैसे अवसरों पर तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ यहां जमा होती है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि लापरवाही या तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ, जबकि घटनास्थल पर बचाव और राहत अभियान जारी हैं।

सीएम विष्णु देव साय ने दिए जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

उन्होंने लिखा कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version