Home भारत छत्तीसगढ़ः बीजापुर में 84 लाख के इनामी 34 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण,...

छत्तीसगढ़ः बीजापुर में 84 लाख के इनामी 34 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 7 महिलाएं भी शामिल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 7 महिलाओं समेत 34 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इन पर संयुक्त रूप से 84 लाख रुपये का ईनाम था।

0
chhattisgarh 34 naxal leaders carrying 84 lakh rupees reward surrendered in bijapur, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में 34 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

रायपुरः छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला मुख्यालय में 34 नक्सलियों ने मंगलवार को आत्मसमर्पण कर दिया है। मुख्यधारा में लौटे माओवादियों पर 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस दौरान 7 महिला नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया।

सरकार द्वारा चलाए जा रहे पुनर्वास से पुनर्जीवन अभियान से प्रेरित होकर आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में DKSZC के अलावा तेलंगाना स्टेट कमेटी, AOB डिवीजन के माओवादी भी शामिल हैं।

27 पुरुष और 7 महिला नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

महिला कैडरों ने भी किया सरेंडर: छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर के जिला मुख्यालय बीजापुर में 16 दिसंबर, मंगलवार को 34 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। इनमें 84 लाख रुपये के इनामी 7 महिला कैडर और 27 पुरुष कैडर शामिल हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने हिंसक विचारधारा से स्वयं को अलग कर शांति और प्रगति के मार्ग को अपनाया है।

जिले में सुरक्षाबलों को पिछले एक साल में मिली कामयाबी: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर सुरक्षा बलों का दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति का असर दिखने लगा है। माओवादी लगातार हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। बीजापुर जिले में 01 जनवरी 2024 से अब तक 824 माओवादी मुख्यधारा में शामिल हुए। पुलिस द्वारा 1079 माओवादी गिरफ्तार किए गए। सुरक्षाबल के जवानों ने 220 माओवादियों को अलग अलग मुठभेड़ में मार गिराया।

सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को तात्कालिक आर्थिक सहायता मिलेगी: बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मुख्यधारा में लौटने वाले प्रमुख माओवादी कैडरों ने भारतीय संविधान में आस्था व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन जीने का संकल्प लिया है। पुनर्वास प्रक्रिया के तहत प्रत्येक कैडर को प्रोत्साहन स्वरूप 50,000 रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि दी गई है।

इन नक्सलियों ने छोड़ा रास्ता

प्रमुख नक्सली जिन्होंने मुख्यधारा में लौटने का किया प्रयास

  1. पण्डरू पूनेम ऊर्फ संजू, पदनाम – डीव्हीसीएम केरलापाल एरिया कमेटी, इनाम – 8 लाख रुपये
  2. रूकनी हेमला, पदनाम – कंपनी नंबर 02 पीपीसीएम, इनाम – 8 लाख रुपये
  3. देवा उईका, पदनाम – कंपनी नंबर 01 पार्टी सदस्य, इनाम – 8 लाख रुपये
  4. रामलाल पोयाम, पदनाम – कंपनी नंबर 01 पार्टी सदस्य, इनाम – 8 लाख रुपये
  5. मोटू पुनेम उर्फ रवि, पदनाम – कंपनी नंबर 02 पार्टी सदस्य, इनाम – 8 लाख रुपये
  6. मीना माड़वी उर्फ जमली, पदनाम – तेलंगाना स्टेट कमेटी अन्तर्गत मंगी एरिया कमेटी सदस्या (एसीएम), इनाम – 5 लाख रुपये
  7. सुदरू पुनेम, पदनाम – कुतुल एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम), इनाम – 5 लाख रुपये
  8. लिंगे कुंजाम उर्फ सुमित्रा, पदनाम- पीपीसीएम (ओडिशा राज्य कमेटी एसजेडसीएम कार्तिक का सुरक्षा गार्ड, इनाम – 5 लाख रुपये
  9. पाले उईका, पदनाम- प्लाटून नंबर 04 पार्टी सदस्य, इनाम – 2 लाख रुपये
  10. सुखराम उरसा उर्फ गंगा, पदनाम- प्लाटून न0 11 पार्टी सदस्य, इनाम – 2 लाख रुपये
  11. दिनेश करटाम उर्फ बामड़ा,पदनाम- दुरधा आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमाण्डर, इनाम – 2 लाख रुपये
  12. शंकर पोडियाम,पदनाम- परकेली आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमाण्डर,इनाम – 2 लाख रुपये

अलग-अलग कमेटियों से जुड़े थे माओवादीः 34 कैडरों में केरलापाल एरिया कमेटी डीव्हीसीएम – 01, पीएलजीए कंपनी नं. 02 एवं अलग-अलग कंपनी के 04 सदस्य, एसीएम -03, प्लाटून एवं एरिया कमेटी पार्टी सदस्य- 08, मिलिशिया प्लाटून कमाण्डर- 03, मिलिशिया प्लाटून सदस्य -05, पीएलजीए सदस्य-01 एवं अलग अलग आरपीसी के CNM/जनताना सरकार अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, DAKMS, KAMS अध्यक्ष/उपाध्यक्ष -09 सदस्य शामिल हैं जिन्होंने हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है।

author avatar
प्रवीण सिंह
छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले का रहने वाला हूं। पिछले 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिष्ठित चैनल ईटीवी और सहारा समय के प्रदेश में पहले रिपोर्टर, 2001 में मुंबई से रायपुर आने के बाद लगातार विभिन्न चैनलों , प्रिंट और ईटीवी भारत की वेबसाइट में भी अपनी सेवाएं दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version