Homeखेलकूद'कैप 278 साइनिंग ऑफ', अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का...

‘कैप 278 साइनिंग ऑफ’, अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान

रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत टी20 से शुरू की। मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 31 अगस्त 2011 को खेले गए इस मैच में रहाणे ने 39 गेंदों पर 61 रनों की दमदार पारी खेली थी।

भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा गुरुवार को कर दी। रहाणे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘कैप 278 साइनिंग ऑफ।’ इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘इन वर्षों में मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।’

अपने वीडियो संदेश में रहाणे ने कहा, ‘जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत भी होता है। जब वह समय आता है, तो आपको उसका सम्मान करना चाहिए और आगे बढ़ जाना चाहिए। मैंने अपनी बल्लेबाजी में हमेशा सही टाइमिंग पर भरोसा किया है और उसकी अहमियत को हमेशा समझा है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘आज मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सहित सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा करने का यही सही समय है। बचपन में एक छोटे लड़के के रूप में अभ्यास करने के लिए सफर करने से लेकर इस मुकाम तक पहुंचने तक, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया। हर दिन, हर पारी और बल्लेबाजी का मिला हर मौका, हमेशा से भारत की कैप पहनने का सपना रहा।’

‘मेरे लिए मेरा देश और टीम हमेशा ऊपर रही’

रहाणे ने कहा, ‘मैंने हमेशा एक सिंपल सिद्धांत का पालन किया कि अपने देश और अपनी टीम को खुद से ऊपर रखूं। मैंने पूरी ईमानदारी के साथ यह खेल खेला और हमेशा विश्वास किया कि अगर आपका इरादा सही हो तो यह खेल हमेशा आपका साथ देता है।’

उन्होंने कहा, ‘जब से मैंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया, तब से भारतीय क्रिकेट ने जबरदस्त तरक्की की है और पिछले 20 वर्षों तक उसका हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है। भले ही एक भारतीय क्रिकेटर के रूप में मेरा अध्याय अब समाप्त हो रहा है, लेकिन क्रिकेट के साथ मेरा सफर खत्म नहीं हुआ है। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से मिले मूल्यों को साझा करने और उस खेल को कुछ लौटाने के लिए उत्सुक हूं, जिसने मुझे सब कुछ दिया।’

रहाणे ने अपने करियर के दौरान मिले सहयोग के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए), अपने साथियों, कोचों, आईपीएल फ्रेंचाइजियों, परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों का भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘और उन सभी क्रिकेट प्रशंसकों का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने मेरे हर अच्छे और बुरे दौर में मेरा साथ दिया। ‘अजिंक्य’ का मतलब होता है अजेय, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हार दिखाई। एक क्रिकेटर के रूप में हम जितनी बार सफल होते हैं, उससे कहीं अधिक बार असफल होते हैं। मेरी टीम मैच हारी, मुझसे गलतियां हुईं, लेकिन एक जगह ऐसी थी जहां मैं कभी नहीं हारा और वह था आपके दिलों में। आपके प्यार, भरोसे और समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278, साइनिंग ऑफ।’

रहाणे का क्रिकेट के मैदान पर प्रदर्शन

36 साल के अजिंक्य रहाणे ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान भारत का प्रतिनिधित्व तीनों प्रारूपों में किया। उन्होंने 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले।

टेस्ट क्रिकेट में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 38.46 की औसत से 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। वहीं, 90 वनडे मैचों में उन्होंने 35.26 की औसत से 2,962 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और 24 अर्धशतक निकले। 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में रहाणे ने 375 रन बनाए।

रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत टी20 से शुरू की। मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 31 अगस्त 2011 को खेले गए इस मैच में रहाणे ने 39 गेंदों पर 61 रनों की दमदार पारी खेली थी। हालांकि टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इसी के कुछ दिन बाद उन्हें वनडे में भी डेब्यू का मौका मिला। टेस्ट में डेब्यू का मौका रहाणे को 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में मिला।

यह भी पढ़ें- चीन आर्टिफिशियल सन बनाने की दिशा में बढ़ा रहा कदम, दुनिया के सबसे बड़े 582 टन चुंबक किया तैयार

विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular