पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दोनों चरणों के मतदान के बाद आ रहे कई एग्जिट पोल में राज्य में एनडीए की फिर से वापसी की संभावना जताई गई है। पोल ऑफ एग्जिट पोल्स यानी इन तमाम एग्जिट पोल का औसत भी देखा जाए तो बिहार में भाजपा-जदयू वाली एनडीए इस बार 150 सीटों को हासिल करती नजर आ रही है। अगर एग्जिट पोल सही साबित होते हैं तो ये पिछली बार यानी 2020 के नतीजों से कई मायनों में अलग है, क्योंकि एनडीए की मजबूती का सीधा मतलब है कि महागठबंधन को बड़ा नुकसान हो रहा है।
लालू यादव की राजद को होगा बड़ा नुकसान?
पिछली बार बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ने 110 सीटें जीती थी। इस बार के कई एग्जिट पोल में उन्हें इससे काफी कम सीटें मिलती दिखाई जा रही हैं। चाणक्य ने जरूर 100-108 सीटें महागठबंधन को मिलने की संभावना जताई है लेकिन इसके अलावा ज्यादातर एग्जिट पोल में ये सीटें 100 से कम हैं। एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक, सबसे ज्यादा नुकसान लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल को होगा, जो पिछली बार सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
अभी ये समाचार लिखे जाने तक इस बार आठ एग्जिट पोल – जिनमें दैनिक भास्कर, मैट्रिज, पीपुल्स इनसाइट, चाणक्य स्ट्रैटेजीज और पीपुल्स पल्स शामिल हैं – ने एनडीए की जीत की भविष्यवाणी की है। वहीं, इन एग्जिट पोल का औसत बताता है कि सत्तारूढ़ एनडीए को 146 और महागठबंधन को 90 सीटें मिलेंगी।
यह भी पढ़ें- Bihar Exit Polls: 9 एग्जिट पोल्स में एनडीए को बहुमत, महागठबंधन को कितनी मिल रही सीटें?
प्रशांत किशोर फैक्टर से महागठबंधन को नुकसान?
चुनाव विश्लेषक से राजनेता बने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को इस चुनाव में एक्स फैक्टर माना जा रहा था। हालांकि, एग्जिट पोल के अनुमान के अनुसार, जन सुराज ज्यादा असर नहीं डालती नजर आ रही। पार्टी मुश्किल से शून्य से पाँच सीटें जीतकर अपना खाता खोल पाएगी। औसत आंकड़ा 2 है। हालांकि, कयास ये हैं कि इतने वोटों के बावजूद, जन सुराज कई सीटों पर विपक्षी गठबंधन के वोटों में सेंध लगा सकती है, जिससे महागठबंधन जाहिर तौर पर एनडीए से काफी पीछे रह जाएगा।
| Source | एनडीए | महागठबंधन | जन सुराज | अन्य |
| चाणक्य | 130-138 | 100-108 | 0-0 | 3-5 |
| दैनिक भास्कर | 145-160 | 73-91 | 0-3 | 5-7 |
| डीवी रिसर्च | 137-152 | 83-98 | 2-4 | 1-8 |
| जेवीसी | 135-150 | 88-103 | 0-1 | 3-6 |
| मैट्रिज | 147-167 | 70-90 | 0-2 | 2-8 |
| पी-मार्क | 142-162 | 80-98 | 1-4 | 0-3 |
| पीपल्स इनसाइट | 133-148 | 87-102 | 0-2 | 3-6 |
| पीपल्स पल्स | 133-159 | 75-101 | 0-5 | 2-8 |
| टीआईएफ रिसर्च | 145-163 | 76-95 | 0-0 | 3-6 |
एग्जिट पोल के अनुसार महागठबंधन में शामिल दलों का प्रदर्शन पिछली बार से गिरा है। हालाँकि सभी दलों का विस्तृत ब्यौरा अभी उपलब्ध नहीं है, लेकिन एग्जिट पोल इशारा दे रहे हैं कि राजद और कांग्रेस दोनों का प्रदर्शन पिछली बार से खराब रहा है।
कई एग्जिट पोल के औसत के हिसाब से राजद को 57 से 69 सीटें मिलेंगी, जो पाँच साल पहले मिली 75 सीटों से कम है। वहीं, एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस जिसने पिछली बार केवल 19 सीटें जीती थी, वो इस बार 14 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी। सीटों की संख्या गिरकर 11 भी पहुंच सकती है।
दूसरी ओर एनडीए की बात करें तो भाजपा 67 से 70 सीटें जीत सकती है। हालाँकि यह आंकड़ा भी राजद की पिछली बार की जीती सीटों से काफी कम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पिछली बार से काफी बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद इस बार एग्जिट पोल में जताई गई है। पिछली बार केवल 43 सीटें जीतने वाली जदयू को इस बार 58 से 71 सीटें मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Bihar IANS-Matrize Exit Poll: एनडीए की बंपर जीत का अनुमान, जन सुराज को कितनी सीट?



