Home भारत Bihar Election: लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला,...

Bihar Election: लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, गाड़ी पर पत्थबाजी…चप्पल फेंके गए

भूमिहार नेता और तीन बार विधायक रह चुके बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा इस बार भी अपनी गृह सीट लखीसराय से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने राजद के समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया है।

0
Lakhisarai: BJP candidate Vijay Kumar Sinha shows his inked finger after casting his vote during the first phase of Bihar Assembly elections in Lakhisarai, Bihar, Thursday, November 6, 2025. (Photo: IANS/X/@VijayKrSinhaBih)

पटना: बिहार चुनाव में पहले चरण के मतदान के दिन हिंसा की खबरें हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार विजय सिन्हा के काफिले पर गुरुवार को उस समय हमला हुआ जब वे लखीसराय के खोरियारी गाँव में घुसने की कोशिश कर रहे थे। घटनास्थल से आए कुछ दृश्यों में भीड़ उनकी कार को घेरकर उन पर चप्पल फेंकती और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाती दिख रही है।

लखीसराय में आज मतदान हो रहा है। भूमिहार नेता और तीन बार विधायक रह चुके सिन्हा इस बार भी अपनी गृह सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। विजय सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ ने उनके काफिले पर पथराव किया। उन्होंने कहा, ‘ये राजद के गुंडे हैं। वे मुझे गाँव में नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं डालने दिया।’ उन्होंने कहा, ‘उनकी गुंडागर्दी देखिए। यह खोरियारी गांव में बूथ नंबर 404 और 405 हैं।’

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी राजद द्वारा समर्थित गुंडे हैं। घटना पर उन्होंने आगे कहा, ‘बिहार में एनडीए सरकार फिर से सत्ता में आ रही है। हम उनकी छाती पर बुलडोजर चलाएँगे।’ उन्होंने कुछ बूथों पर बूथ कैप्चरिंग का भी आरोप लगाया।

इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने लखीसराय स्थित मतदान केंद्र पर गुरुवार सुबह अपना वोट डाला। साथ ही उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया और कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि राज्य के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए है।

विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है। जिला पुलिस प्रमुख अजय कुमार ने कहा कि बूथ कैप्चरिंग की अफवाह थी। उन्होंने कहा, ‘हम यहाँ आए और पाया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है। अगर किसी को वोट डालने से रोका जाता, तो वहाँ कोई कतार नहीं लगती।’

आईपीएस अधिकारी ने उन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि भाजपा के पोलिंग एजेंटों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं यहाँ हूँ, उन्हें आने दो। मैं उन्हें सुरक्षा दूँगा। एजेंट नहीं आ रहे हैं। अगर कोई शिकायत आती है, तो हम कार्रवाई करेंगे। पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।’

वहीं, एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की टिप्पणी से सिन्हा नाराज नजर आए। उपमुख्यमंत्री ने जिला पुलिस प्रमुख को ‘कायर’ और ‘कमजोर’ कहा। उन्होंने कहा, ‘वे (प्रदर्शनकारी) उपमुख्यमंत्री को अंदर नहीं आने दे रहे हैं। प्रशासन को शर्म आनी चाहिए।’ सिन्हा ने कहा, ‘मेरे पोलिंग एजेंट को बूथ से बाहर निकाल दिया गया। लोगों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है।’

लखीसराय से मौजूदा विधायक विजय सिन्हा का मुकाबला कांग्रेस के अमरेश कुमार से है। जन सुराज पार्टी के सूरज कुमार भी इस सीट से चुनावी ताल ठोक रहे हैं।

बिहार में पहले चरण में 18 जिलों में 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। ये जिले हैं- खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय और बक्सर। पहले चरण में 1192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवारों सहित 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version