Home भारत बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार, नीतीश के बेटे निशांत समेत 32...

बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार, नीतीश के बेटे निशांत समेत 32 नए मंत्रियों की शपथ; देखें पूरी लिस्ट

बिहार में सम्राट चौधरी के कैबिनेट विस्तार समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। वे इस कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होने के लिए गुरुवार सुबह ही पटना पहुंचे थे। नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहे।

Bihar cabinet expansion
फोटो- IANS

पटना: बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद गुरुवार (7 मई) को कैबिवेट विस्तार को अमलीजामा पहनाया गया। पटना के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 32 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत भी शामिल हैं। सम्राट के नए कैबिनेट में उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश भी शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन भी सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। सुमन नीतीश मंत्रिमंडल में भी शामिल थे। सम्राट कैबिनेट में 5 महिलाओं को जगह मिली है। इसमें तीन जदयू कोटे से हैं।

शपथ लेने वालों में भाजपा से 15, जदयू से 13, एलजेपी (आर) से दो सहित HAM और RLM से एक-एक चेहरा शामिल हैं। समारोह में पांच-पांच मंत्रियों को एक साथ राज्यपाल सैयद अता हसनैन द्वारा शपथ दिलाई गई।

इसके साथ ही बिहार कैबिनेट में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कुल 35 चेहरे हो गए हैं। इससे पहले पिछले महीने सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जदयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी बतौर डिप्टी सीएम शपथ ली थी।

नीतीश कुमार के बेटे निशांत बने मंत्री

गुरुवार को समारोह में सबसे पहले जदयू से निशांत कुमार, लेसी सिंह और श्रवण कुमार, भाजपा से विजय सिन्हा और दिलीप जायसवाल ने शपथ ली। इसके बाद भाजपा से रामकृपाल यादव व संजय सिंह, जदयू से अशोक चौधरी और दमोदर रावत, तीन बार सीएम रहे जगन्नाथ मिश्रा के बेटे और भाजपा विधाय नीतीश मिश्रा ने मंत्री पद की शपथ ली।

श्रवण कुमार जदयू के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं। श्रवण कुमार को हाल ही में पार्टी के विधायक दल का भी नेता बनाया गया है। वे नीतीश के गृह जिले नालंदा से आते हैं और पहले भी मंत्री रहे हैं। पूर्व में नीतीश कुमार कैबिनेट में श्रवण ग्रामीण विकास मंत्री, परिवहन मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री का पदभार संभाल चुके हैं।

वहीं, बात निशांत की करें तो वे अपने पिता नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद बिहार की सक्रिय राजनीति में आए हैं। उन्होंने अपने पिता के इस्तीफे के कुछ ही हफ्तों बाद औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रखा और जदयू में शामिल हुए।

मंच पर नजर आए पीएम नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार

सम्राट कैबिनेट विस्तार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। वे इस कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होने के लिए गुरुवार सुबह ही पटना पहुंचे। पीएम मोदी पटना एयरपोर्ट से अपने वाहन में सवार होकर गांधी मैदान पहुंचे। इसके अलावा मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व मुख्यमंत्री और अब राज्य सभा सांसद बन चुके नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी भी नजर आए।

बिहार: भाजपा की लिस्ट में 5 नए चेहरे

भाजपा से शपथ लेने वाले 15 मंत्रियों में पांच नए चेहरे हैं। इनमें केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम और शैलेंद्र कुमार शामिल हैं। इसके अलावा पुराने चेहरों में दिलीप जायसवाल, विजय सिन्हा, राम कृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र, संजय सिंह, रमा निषाद, नीतीश मिश्रा, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह शामिल हैं।

वहीं, जदयू की बात करें तो कैबिनेट में निशांत कुमार, श्वेता गुप्ता, बुलो मंडल नए चेहरे हैं। पुराने चेहरों में श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, भगवान सिंह, दामोदर रावत, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा HAM से संतोष कुमार सुमन, आरएलएम से दीपक प्रकाश मंत्री बने हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) की ओर से संजय सिंह और संजय पासवान को मंत्री बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- वंदे मातरम को मिला राष्ट्रगान का दर्जा, अपमान करने पर होगी जेल

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version