पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और कथित वसूली मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए उनके और उनकी पत्नी से जुड़े पांच बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों में करीब 1.70 करोड़ रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है।
सब्यसाची दत्ता उत्तर 24 परगना जिले की राजरहाट-न्यूटाउन विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा वह बिधाननगर नगर निगम के चेयरपर्सन और वर्तमान में वार्ड नंबर 31 के पार्षद भी हैं।
5 बैंक खाते फ्रीज, एक लग्जरी एसयूवी भी जब्त
जांच अधिकारियों के मुताबिक, दत्ता और उनकी पत्नी इंदिरा दत्ता के नाम कुल पांच बैंक खाते मिले हैं, जिनमें एक संयुक्त खाता भी शामिल है। जांच के दौरान इन खातों में लगभग 1.70 करोड़ रुपये जमा होने का पता चला, जिसके बाद सभी खातों को फ्रीज कर दिया गया। अधिकारियों ने दंपति के एक सेफ डिपॉजिट लॉकर की भी पहचान की है। आशंका जताई जा रही है कि इसमें सोना या अन्य कीमती सामान रखा हो सकता है।
दरअसल, दत्ता की गिरफ्तारी के बाद उनके ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान जांचकर्ताओं को 50 किलोग्राम सोने की खरीद से संबंधित रसीदें भी मिली थीं। इसी आधार पर अब उनके वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों ने बैंक खातों को फ्रीज करने के साथ-साथ दत्ता की एक लग्जरी एसयूवी भी जब्त कर ली है, जो उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। इसके अलावा अधिकारियों को उनके नाम पर पंजीकृत एक आवासीय फ्लैट की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
सब्यसाची की पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दत्ता की पत्नी इंदिरा दत्ता अपने पति की गिरफ्तारी के बाद से लापता हैं। जांच एजेंसियां उनकी तलाश में जुटी हुई हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कथित वित्तीय लेन-देन में उनकी क्या भूमिका रही है।
इस मामले में शुक्रवार को जांच अधिकारियों ने उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा स्थित दत्ता के ससुराल में भी छापेमारी की थी। हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री या संपत्ति बरामद नहीं हुई।
सब्यसाची दत्ता की गिरफ्तारी एक व्यवसायी की शिकायत के बाद हुई थी। साल्ट लेक निवासी कारोबारी ने उन पर भ्रष्टाचार, वसूली और दबाव बनाकर धन उगाही करने का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद बिधाननगर उत्तर थाने की पुलिस ने 8 जून की आधी रात को रायगाछी स्थित उनके आवास पर छापा मारा था। अगले दिन लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि दत्ता के खिलाफ पहले भी भ्रष्टाचार, वसूली और दबंगई से जुड़े आरोप लगते रहे हैं। अब जांच एजेंसियां उनकी आय के स्रोत, संपत्तियों और बैंकिंग लेन-देन की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं। दत्ता को बुधवार को बिधाननगर अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट

