Home भारत लटकाना, भटकाना, अटकाना…यही उनका सिद्धांत’, कांग्रेस पर कैसे बरसे पीएम मोदी; क्या...

लटकाना, भटकाना, अटकाना…यही उनका सिद्धांत’, कांग्रेस पर कैसे बरसे पीएम मोदी; क्या कुछ कहा…15 बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संबोधन में सबसे ज्यादा हमले कांग्रेस पर किए। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि जो भी काम देश के लिए जरूरी होते हैं, कांग्रेस उसको कारपेट के नीचे डाल देती है। कांग्रेस के इस रवैये की वजह से देश विकास की ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया, जिसका वो हकदार है।

0
Narendra Modi

नई दिल्ली: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल से जुड़े संशोधन विधेयक गिरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथों लिया। इस दौरान कांग्रेस पर उन्होंने सबसे ज्यादा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सिद्धांत ही लटकाना, अटकाना और भटकाना है।

विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है, लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दल हित सबकुछ हो जाता है, दल हित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति और देशहित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इस बार भी यही हुआ है। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है।

कांग्रेस को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?

  1. पीएम मोदी ने कहा- यह देखकर बहुत दुख हुआ, जब नारी हित का प्रस्ताव गिरा तो कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा जैसी परिवारवादी पार्टियां खुशी से तालियां बजा रही थीं। महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेज थपथपा रहे थे। उन्होंने जो किया, वो केवल टेबल पर थाप नहीं थी, वो नारी के स्वाभिमान और उसके आत्मसम्मान पर चोट थी, लेकिन नारी सब भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती है।
  2. पीएम मोदी ने कहा- संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक हर नारी के मन में हमेशा रहेगी। देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी तो वो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने संसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था। ये लोग नारी शक्ति को हल्के में ले रहे हैं। वो भूल रहे हैं, 21वीं सदी की हर नारी देश की हर घटना पर नजर रख रही है। वो उनकी मंशा भांप रही है और सच्चाई भी भली भांति जान चुकी है, इसलिए महिला आरक्षण का विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है, उसकी उनकी सजा जरूर मिलेगी।
  3. पीएम मोदी ने कहा कि ये 40 साल से लटके हुए नारी हक को 2029 के लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था। यह संशोधन उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम सभी राज्यों की और हर राज्य की शक्ति में समान वृद्धि का प्रयास था। लेकिन इस ईमानदार प्रयास की कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी है। ये कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा जैसे दल इस भ्रूण हत्या के गुनाहगार हैं। ये देश के संविधान के अपराधी है, ये देश की नारी के अपराधी हैं।
  4. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से ही नफरत करती है। उसने हमेशा से ही महिला आरक्षण को रोकने के लिए साजिश की। इस दिशा में पहले जितनी बार भी प्रयास हुए, उसको रोडे अटकाए। इस बार भी कांग्रेस और उसको साथियों में महिला आरक्षण को रोकने के लिए एक से बढ़कर एक झूठ का सहारा लिया।
  5. पीएम मोदी ने कहा- मुझे व्यक्तिगत तौर पर आशा थी कि कांग्रेस अपनी दशकों पुरानी गलती सुधारेगी और अपने पापों का प्रायश्चित करेगी, लेकिन कांग्रेस ने इतिहास रचने और महिलाओं के साथ खड़े होने का अवसर खो दिया।
  6. पीएम मोदी ने आगे कहा- कांग्रेस खुद देश के अधिकांश हिस्सों में अपना वजूद खो चुकी है। कांग्रेस परजीवी की तरह क्षेत्रीय दलों के सहारे अपने वजूद को जिंदा रखे हुए। कांग्रेस यह भी नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दलों की ताकत पढ़े, इसलिए कांग्रेस ने इस संशोधन का विरोध करवाकर अनेक क्षेत्रीय दलों के भविष्य को अंधकार में धकेलने का राजनीतिक षड्यंत्र रचा।
  7. पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस, सपा, डीएमके, टीएमसी और दूसरी पार्टियां इतने सालों से हर बार वही बहाने और कुतर्क बनाते आए हैं। नारी शक्ति वंदन के विरोध की एक बड़ी वजह इन परिवावरवादी पार्टियों का डर है। इन्हें डर है कि अगर महिलाएं सशक्त हो गईं तो इन पार्टियों का नेतृत्व खतरे में पड़ जाएगा। ये कभी नहीं चाहेंगे कि इनके परिवार की बाहर की महिलाएं आगे बढ़ें।
  8. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की नारी शक्ति कांग्रेस और सहयोगियों को इस पाप के लिए कभी माफ नहीं करेगी। देशवासियों, कांग्रेस और उसकी साथी दल परिसीमन पर लगातार झूठ बोल रहे हैं। वे इस बहाने विभाजन की आग को भड़काना चाहते हैं, क्योंकि बांटो और राज करो…कांग्रेस ये राजनीति अंग्रेजों से विरासत में सीखकर आई है और आज भी इसी के सहारे चल रही है।
  9. बकौल पीएम मोदी- कांग्रेस ने हमेशा देश में दरारों को हवा देने का काम किया है, इसलिए देश में यह झूठ फैलाया गया कि परिसीमन से देश के कुछ राज्यों को नुकसान होगा, जबकि सरकार ने पहले दिन से साफ किया है कि न किसी राज्य की भागीदारी का अनुपात बदलेगा और न किसी का प्रतिनिधित्व बदलेगा, बल्कि सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ेंगी, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इसे मानने को तैयार नहीं हुए।
  10. पीएम ने कहा- महिला आरक्षण का विरोध करके कांग्रेस ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह एक एंटी-रिफॉर्म पार्टी है। कांग्रेस हर रिफॉर्म का विरोध करती है, बाधा पैदा करती है…यही कांग्रेस का इतिहास है और यही उसकी नकारात्मक राजनीति है।
  11. पीएम ने आगे कहा- कांग्रेस ने जनधन योजना, ट्रिपल तलाक, आर्टिकल 370, यूसीसी समेत सभी रिफॉर्म का विरोध किया। ऐसा कोई काम, जिससे देश मजबूत होता है, कांग्रेस उसमें बाधाएं खड़ी करने के लिए पूरी ताकत लगा देती है।
  12. पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस वन नेशन, वन इलेक्शन, घुसपैठियों को भगाने, एसआईआर का विरोध करती है। कांग्रेस ने सीएए पर झूठ बोलकर देश में बवंडर खड़ा करने का काम किया। कांग्रेस का एक ही पैटर्न रहा है, कोई भी रिफॉर्म आए तो बाधा डालो और झूठ बोलो। इतिहास साक्षी है, कांग्रेस ने हमेशा यही नेगेटिव रास्ता चुना है।
  13. प्रधानमंत्री ने कहा कि जो भी कार्य देश के लिए जरूरी होते हैं, कांग्रेस उसको कारपेट के नीचे डाल देती है। कांग्रेस के इस रवैये की वजह से देश विकास की ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया, जिसका वो हकदार है। आजादी के समय उस दौर में हमारे देश के साथ और भी कई देश आजाद हुए थे, ज्यादातर देश हमसे बहुत आगे निकल गए। इसकी वजह से कांग्रेस ज्यादातर रिफॉर्म को रोककर बैठी रही।
  14. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पड़ोसी देशों के साथ सीमा विवादों को लटकाया। कांग्रेस ने पाकिस्तान के साथ पानी बंटवारे के मामले को लटकाया। कांग्रेस ओबीसी आरक्षण के मद्दे को 40 साल तक लटकाया। कांग्रेस के इस रवैये ने हमेशा देश का बहुत बड़ा नुकसान किया है। कांग्रेस के हर विरोध और प्रपंच का खामियाजा देश और देश की पीढ़ियों ने भुगता है।
  15. पीएम ने कहा कि आज देश के सामने जितनी भी बड़ी चुनौतियां हैं, वो कांग्रेस के इसी रवैये से उपजी हैं, इसलिए ये लड़ाई केवल एक कानून की नहीं है, बल्कि कांग्रेस के उस एंटी रिफॉर्म मानसिकता के साथ है, जिसमें केवल नेगेटिविटी है। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि देश की बहन-बेटियां कांग्रेस की इस मानसिकता को करारा जवाब देकर रहेंगी।

यह भी पढ़ें- ‘विपक्ष ने ईमानदार प्रयास की भ्रूण हत्या की, कांग्रेस ने षड्यंत्र रचा’, देश के नाम संबोधन में महिला आरक्षण पर बोले पीएम मोदी

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version