Home भारत ममता बनर्जी को एक और झटका, कोयल मल्लिक का राज्य सभा से...

ममता बनर्जी को एक और झटका, कोयल मल्लिक का राज्य सभा से इस्तीफा; फिर भाजपा के भूपेंद्र यादव से मुलाकात

तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोयल मल्लिक को महज तीन महीने पहले ही राज्य सभा भेजा गया था। इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव से मुलाकात की।

0
Koel Mallick
फाइल फोटो- IANS

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को गुरुवार को एक और बड़ा झटका लगा। बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने बतौर राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्हें महज तीन महीने पहले ही संसद के उच्च सदन के लिए नामित किया गया था।

कोयल मल्लिक ने गुरुवार को राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि वह तत्काल प्रभाव से राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए राज्यसभा सचिवालय, उपसभापति और सभी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।

कोयल मल्लिक ने 6 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया। इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

TMC के चौथे राज्यसभा सांसद ने छोड़ी पार्टी

कोयल मल्लिक तृणमूल कांग्रेस की चौथी राज्यसभा सांसद हैं जिन्होंने हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पार्टी से इस्तीफा दिया है। इससे पहले सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी राज्यसभा की सदस्यता छोड़ चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन तीनों नेताओं ने बाद में भाजपा का दामन थाम लिया और भाजपा ने उन्हें उन सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवार भी बनाया। कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों की संख्या घटकर नौ रह गई है।

तृणमूल कांग्रेस को केवल राज्यसभा में ही नहीं बल्कि लोकसभा और पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी बड़े राजनीतिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। लोकसभा में पार्टी के 28 सांसदों में से 20 सांसद हाल में एक अलग राजनीतिक दल ‘नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ में शामिल हो गए थे और उन्होंने एनडीए को समर्थन देने का भी ऐलान किया। इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सदन में उनके लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया है।

वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी तृणमूल कांग्रेस के 60 विधायक बगावत कर चुके हैं खुद को असली टीएमसी होने का दावा कर रहे हैं।

बहरहाल, कोयल मल्लिक का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब भाजपा लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। इसका उद्देश्य संसद में उस संवैधानिक संशोधन विधेयक को फिर से आगे बढ़ाना बताया जा रहा है, जिसमें लोकसभा और राज्य विधान सभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से पहले संसदीय सीटों के परिसीमन (डिलिमिटेशन) का प्रावधान किया गया है। इससे पहले अप्रैल में सरकार का यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो सका था।

कौन हैं कोयल मल्लिक?

कोयल मल्लिक बंगाली फिल्म इंडस्ट्री (टॉलीवुड) का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह दिग्गज अभिनेता रंजीत मल्लिक और दीपा मल्लिक की बेटी हैं। उन्होंने 2013 में फिल्म निर्माता निस्पाल सिंह से शादी की था और उनका एक बेटा है।

अपने फिल्मी करियर में कोयल मल्लिक को कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें एक फिल्मफेयर अवॉर्ड्स बांग्ला, दो बंगाल फिल्म जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन पुरस्कार और एक आनंदलोक पुरस्कार शामिल हैं। वर्ष 2023 में पश्चिम बंगाल की तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने उन्हें ‘महानायक सम्मान’ से भी सम्मानित किया था।

यह भी पढ़ें- E20 पेट्रोल से कार खराब हुई! कंज्यूमर कोर्ट ने कंपनी को दोषी ठहराया, कहा- नई गाड़ी दो या पैसे लौटाओ

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version