Home भारत विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में विस्फोट से हुआ बड़ा हादसा, 8 की मौत;...

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में विस्फोट से हुआ बड़ा हादसा, 8 की मौत; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में यह हादसा उस समय हुआ जब करीब 1,500 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ स्टील ले जा रही लैडल (विशेष पात्र) में विस्फोट हो गया।

andhra pradesh steel plant fire several killed many injured, विशाखापत्तनम
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। स्टील प्लांट में सोमवार (8 जून) को हुए हादसे में कम से कम आठ श्रमिकों की मौत हो गई और कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्टील प्लांट में यह हादसा श्रमिकों के ऊपर पिघली धातु के गिरने से हुआ। हादसा उस समय हुआ जब करीब 1,500 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ स्टील ले जा रही लैडल (विशेष पात्र) में विस्फोट हो गया। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियां और दर्जनों दमकलकर्मी लगाए गए। समाचार एजेंसी आईएएनएस ने अधिकारियों के हवाले से लिखा कि स्टील प्लांट के एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में सोमवार शाम करीब 4:15 बजे पिघले स्टील को उठाने की प्रक्रिया के दौरान यह दुर्घटना हुई। इस भीषण विस्फोट के बाद बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील बाहर फैल गया। इससे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद स्टील प्लांट के कर्मचारियों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मारे गए लोगों में प्लांट के छह नियमित कर्मचारी और दो ठेका श्रमिक शामिल हैं। मृतकों में से पांच की पहचान अप्पा राव, प्रभाकर राव, कृष्णा, रमणा और त्रिनाथ के रूप में हुई है।

एम. अभिषेक किशोर ने बताया कि छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन को किम्स अस्पताल और तीन अन्य को सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें – शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाना व्यक्ति के चरित्र का प्रमाण नहीं: सुप्रीम कोर्ट

पीएम मोदी, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख

इस घटना पर पीएम मोदी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत अन्य नेताओं ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

यह भी पढ़ें – INDIA ब्लॉक की दो साल बाद हुई बैठक से क्या निकला?

आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताया और अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ प्रभावित लोगों की सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “विशाखा स्टील प्लांट में हुई दुर्घटना ने मुझे गहरा झटका दिया है। इस हादसे में कई श्रमिकों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैंने संबंधित अधिकारियों से बात की है और सभी सरकारी विभागों के समन्वय से राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुई घटना में लोगों की मौत से अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

आईएएनएस के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा के भी निर्देश दिए हैं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version