Home भारत ‘केजरीवाल के लिए एटीएम है पंजाब सरकार’, अमित शाह बोले – भाजपा...

‘केजरीवाल के लिए एटीएम है पंजाब सरकार’, अमित शाह बोले – भाजपा ही रोक सकती है धर्मांतरण

पंजाब जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राज्य में भाजपा को वोट करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल और आप पर निशाना साधा।

amit shah slams aap government in a rally in punjab says atm for kejriwal, अमित शाह
फोटोः आईएएनएस

चंडीगढ़ः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार (14 मार्च) को पंजाब के लोगों से आग्रह किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट दें। इस दौरान शाह ने राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब सरकार अरविंद केजरीवाल के लिए एटीएम की तरह है।

पंजाब के मोगा जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी ही राज्य को नशीली दवाओं के खतरे से मुक्त कर सकती है और धार्मिक धर्मांतरण को रोक सकती है।

रैली को संबोधित करते हुए क्या बोले अमित शाह?

अमित शाह ने ‘बदलाव’ रैलो को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब बढ़ते कर्ज, नशीली दवाओं, भ्रष्टाचार, धर्मांतरण और गुंडागर्दी के कारण पीड़ित है और उन्होंने मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता में लाने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि अगर 2027 के चुनावों के बाद भाजपा पंजाब में सरकार बनाती है तो राज्य में धर्मांतरण पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून लाया जाएगा।

इस दौरान शाह ने कहा कि “पूरा पंजाब धर्मांतरण की समस्या से जूझ रहा है। मैं अपने सभी हिंदू और सिख भाइयों और बहनों से कहता हूं: अगर आप एक बार भाजपा की सरकार बनाते हैं, तो हम धर्मांतरण पर रोक लगाने वाला विधेयक लाएंगे।”

यह भी पढ़ें – महाराष्ट्र का धर्मांतरण-रोधी विधेयक- धर्म स्वतंत्र बिल विधानसभा में पेश, क्या है इसमें?

उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर वोट बैंक की राजनीति के लिए धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और नौवें सिख गुरु, तेग बहादुर के बलिदान का हवाला दिया जिन्होंने धर्मांतरण को रोकने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। शाह ने गुरु नानक देव और गुरु गोविंद सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “मैं आज इसी धरती से कहना चाहता हूं, अगर गुरु तेग बहादुर जी न होते, तो आज भारत में एक भी हिंदू न बचता।”

ओडिशा, त्रिपुरा, मणिपुर की तर्ज पर भाजपा बनाएगी सरकार

गृह मंत्री ने कहा कि लोग आम आदमी सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन से तंग आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में ओडिशा, असम, मणिपुर, त्रिपुरा और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा, अब पंजाब की बारी है। आम आदमी पार्टी बदलाव का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन मैं आम आदमी पार्टी के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आपके मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल को देशभर में जहां भी जाना होता है, वे पंजाब सरकार के खर्चे पर हवाई जहाज से यात्रा करते हैं जबकि यहां के मुख्यमंत्री ने इसके अलावा कुछ नहीं किया है।

यह भी पढ़ें – सोनम वांगचुक रिहा, सरकार ने NSA हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द किया

शाह ने कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में लड़कर सरकार बनाएगी और उन्होंने माताओं, बहनों व बुजुर्गों से पार्टी को मजबूत करने की अपील की।

उन्होंने आगे कहा, “यह झूठे वादों की सरकार है, जो भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और घोटालों में लिप्त है। यह पंजाब का कभी भला नहीं कर सकती।”

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version