Home भारत बारामती: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए अजित पवार, उमड़ा...

बारामती: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए अजित पवार, उमड़ा जनसैलाब

अजित पवार के पार्थिव शरीर को गुरुवार सुबह उनके काटेवाड़ी स्थित आवास पर लाया गया था, जहाँ उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों समर्थकों और ग्रामीणों का तांता लग गया। अंतिम यात्रा के दौरान सड़कों पर लोगों का भारी हुजूम देखा गया, जिससे कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई।

0
Ajit pawar

बारामती: महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार गुरुवार को अपने पैतृक क्षेत्र बारामती में पंचतत्व में विलीन हो गए। बुधवार सुबह एक विमान हादसे में हुए उनके आकस्मिक निधन ने महाराष्ट्र समेत पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था।

गुरुवार शाम विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ उनके दोनों बेटों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान ‘अजित दादा अमर रहे’ और ‘अजित दादा परत या’ (अजित दादा वापस आओ) के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

अजित पवार के पार्थिव शरीर को गुरुवार सुबह उनके काटेवाड़ी स्थित आवास पर लाया गया था, जहाँ उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों समर्थकों और ग्रामीणों का तांता लग गया। अंतिम यात्रा के दौरान सड़कों पर लोगों का भारी हुजूम देखा गया, जिससे कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई। काटेवाड़ी और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग बारामती पहुंचे। विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में हजारों की भीड़ जुटी, जहां लोगों ने भावुक होकर नारे लगाए और अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम सलाम किया।

महाराष्ट्र में अजित पवार के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित है, जिसके तहत सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

दिग्गज नेताओं ने दी भावभीनी विदाई

अजित पवार को अंतिम विदाई देने के लिए देश और राज्य की तमाम बड़ी हस्तियां बारामती पहुँचीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सबसे भावुक क्षण तब था जब उनके चाचा और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इनके अलावा मनसे प्रमुख राज ठाकरे, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अभिनेता रितेश देशमुख सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस दुखद घड़ी में पवार परिवार के साथ खड़े नजर आए।

विमान हादसे की तकनीकी जाँच जारी

अजित पवार के साथ इस हादसे में चार अन्य लोग भी मारे गए जिमें कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, ‘लीयरजेट 45’ विमान (VT-SSK) को सुबह 8:43 बजे रनवे पर उतरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन लैंडिंग की प्रक्रिया के दौरान वह रनवे के किनारे से मात्र 200 मीटर पहले क्रैश हो गया।

बारामती तालुका पुलिस ने अजित पवार के विमान हादसे के मामले में ‘एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट’ (एडीआर) दर्ज की है। बारामती में हुए विमान हादसे की जांच के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है। हादसे की उच्च-स्तरीय जांच ‘एयरक्राफ्ट दुर्घटना जांच ब्यूरो’ (एएआईबी) द्वारा की जा रही है, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। विमान का संचालन वीएसआर वेंचर्स द्वारा किया जा रहा था।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version