Home साइंस-टेक रोबोट चलाएंगे सरकार? अल्बानिया बना दुनिया का पहला ऐसा देश जहां कैबिनेट...

रोबोट चलाएंगे सरकार? अल्बानिया बना दुनिया का पहला ऐसा देश जहां कैबिनेट में है ‘AI मंत्री’

अल्बानिया में सार्वजनिक खरीद-फरोख्त का मंत्रालय एआई मंत्री संभालेगी। इसका नाम डिएला है। प्रधानमंत्री एडी रामा ने कहा कि इसका अर्थ सूर्य होता है।

ai chatbot diella is public procurement minister in albania, अल्बानिया
अल्बानिया में सार्वजनिक खरीद-फरोख्त का मंत्रालय संभालेगी एआई मंत्री, फोटोः एक्स

अल्बानिया में सार्वजनिक खरीद-फरोख्त का जिम्मा संभालने वाली मंत्री रिश्वत, धमकियों या पक्षपात के प्रयासों से अप्रभावित रहेंगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि इसका जिम्मा एक एआई चैटबॉट संभाल रहा है। इसका नाम डिएला है।

अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा जो कि अपना चौथा कार्यकाल शुरू करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि डिएला जिसका अल्बानियाई में अर्थ ‘सूर्य’ होता है, उन सभी सार्वजनिक निविदाओं का प्रबंधन और आवंटन करेंगी जिनमें सरकार विभिन्न परियोजनाओं के लिए निजी कंपनियों को अनुबंधित करती है।

अल्बानिया के पीएम एडी रामा ने डिएला के बारे में क्या कहा?

उन्होंने कहा “डिएला पहली ऐसी कैबिनेट सदस्य है जो शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं है बल्कि एआई द्वारा आभासी रूप से निर्मित की गई है।” एडी रामा ने आगे कहा कि वह ऐसा अल्बानिया बनाने में मदद करेंगी जहां सार्वजनिक निविदाएं 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त हों।

प्रधानमंत्री रामा ने कहा कि डिएला सार्वजनिक निविदाओं से जुड़े सभी निर्णय लेने में सक्षम होगी। उन्होंने कहा कि यह निविदा प्रक्रियाओं में 100 फीसदी भ्रष्टाचार मुक्त काम करेगी और इस प्रक्रिया में जमा की गई राशि भी पूरी तरह से पारदर्शी होगी।

यह भी पढ़ें – नेपाल: अंतरिम नेता को लेकर असमंजस की स्थिति, जेन-जी ग्रुप में मतभेद

अल्बानिया में सरकारी ठेकों या निविदाओं को लेकर लंबे समय से भ्रष्टाचार के घोटालों का स्रोत रहा है। अल्बानिया एक ऐसा देश है जिसके बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि यह दुनिया भर में ड्रग्स और हथियारों की तस्करी से प्राप्त धन को सफेद करने की कोशिश करने वाले गिरोहों का केंद्र है। यहां भ्रष्टाचार सत्ता के गलियारों तक पहुंच गया है।

अल्बानिया की इस छवि ने उसे यूरोपीय संघ में शामिल होने को जटिल बना दिया है। प्रधानमंत्री रामा साल 2030 तक अल्बानिया को यूरोपीय संघ में शामिल कराना चाहते हैं लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि यह महत्वकांक्षी है।

सरकार ने हालांकि इस बारे में जानकारी नहीं दी है कि डिएला की मानवीय निगरानी कितनी होगी। इसके अलावा इस जोखिम का भी जिक्र नहीं किया गया है कि कोई कृत्रिम बुद्धिमत्ता वाले रोबोट में हेरफेर कर सकता है।

इसी साल किया गया था लांच

डिएला को इस साल की शुरुआत में ई-अल्बानिया प्लेटफॉर्म पर एक एआई संचालित वर्चुअल असिस्टेंट के रूप में लांच किया गया था। यह नागरिकों और व्यवसायों को सरकारी दस्तावेज प्राप्त करने में मदद करता है। यह एआई पारंपरिक अल्बानिया की ड्रेस में है, यह आवाज के जरिए सहायता प्रदान करती है। डिएला ई-स्टाम्प के जरिए दस्तावेज जारी करती है जिससे नौकरशाही में होने वाली देरी कम होती है।

यह भी पढ़ें – ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोलसोनारो को 27 साल की सजा, कोर्ट ने तख्तापलट की कोशिश का दोषी पाया…भड़के ट्रंप

सरकार के दावों से हालांकि हर कोई सहमत नहीं है। एक फेसबुक यूजर ने कहा “अल्बानिया में डिएला भी भ्रष्ट हो जाएगी।” इसी तरह एक अन्य यूजर ने लिखा कि अल्बानिया में चोरी जारी रहेगी और इसके लिए डिएला को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

गौरतलब है कि नई संसद का चुनाव मई में हुआ था। इसकी बैठक शुक्रवार, 12 सितंबर को होगी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है सरकार के मतदान होगा या नहीं।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version