रणवीर सिंह की स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस और दर्शकों के बीच जबरदस्त हलचल मचाई है। पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई पहली फिल्म और इसी साल मार्च में आए इसके दूसरे भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता ने इसे बॉलीवुड की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल कर दिया है। अब फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
दरअसल, जियो स्टूडियोज की सह-निर्माता ज्योति देशपांडे ने हाल ही में फ्रेंचाइजी के भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने एक बातचीत में कहा कि ‘धुरंधर’ की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है और दर्शकों के लिए इस साल के आखिर तक मेकर्स कुछ खास लेकर आ सकते हैं।
उन्होंने कहा, “हम अभी धुरंधर से पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक दर्शकों को एक सरप्राइज मिलेगा। हमारे पास कुछ खास है।” ज्योति देशपांडे के इस बयान के बाद फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। जबकि देशपांडे ने इस सरप्राइज से जुड़ी कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की, सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर क्या हो रही चर्चा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई फैंस अपने-अपने अनुमान साझा कर रहे हैं। कुछ का मानना है कि मेकर्स फिल्म के मेकिंग पर आधारित बिहाइंड-द-सीन्स डॉक्यूमेंट्री ला सकते हैं। वहीं कुछ फैंस को उम्मीद है कि दोनों फिल्मों का एक्सटेंडेड अनकट वर्जन रिलीज हो सकता है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि कहीं यह ‘धुरंधर 3’ या धुरंधर यूनिवर्स की किसी नई फिल्म की घोषणा तो नहीं।
एक यूजर ने लिखा कि यह सरप्राइज संभवतः बिहाइंड-द-सीन्स डॉक्यूमेंट्री हो सकती है, जिसके बाद आदित्य धर और रणवीर सिंह की नई ‘मौर्य ट्रिलॉजी’ की घोषणा की जा सकती है। वहीं दूसरे यूजर ने तीन संभावनाएं गिनाईं- एक्सक्लूसिव मेकिंग फुटेज, आठ घंटे का संयुक्त अनकट वर्जन, या फिर सीधे तीसरे पार्ट का ऐलान।

दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले फिल्म में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता राकेश बेदी ने तीसरे पार्ट की संभावनाओं को लेकर अलग राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि फिलहाल उन्हें नहीं लगता कि मेकर्स सीधे तीसरे भाग पर काम कर रहे हैं।
राकेश बेदी ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि तीसरा पार्ट अभी बनेगा। लेकिन ‘धुरंधर’ एक फ्रेंचाइजी है और इसे भविष्य में दूसरे कलाकारों के साथ भी आगे बढ़ाया जा सकता है। कहानी वहीं खत्म होती है जहां जासूस अपने देश लौट जाता है।”
इसे भी पढ़ेंः K-Drama के आप भी हैं शौकीन?, मई में OTT पर धमाल मचाने आ रहे ये 7 जबरदस्त कोरियन ड्रामा
कमाई के मामले में ‘धुरंधर’ साबित
फिलहाल फ्रेंचाइजी के अगले कदम को लेकर तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन इसकी लोकप्रियता पर कोई सवाल नहीं है। फिल्म को रिलीज हुए 8 हफ्ते हो चुके हैं, लेकिन इसकी कमाई लगातार जारी है। 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई पहली ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। वहीं 19 मार्च को रिलीज हुई दूसरी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने अब तक 1792 करोड़ रुपये की कमाई कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
फिल्म ने भारत से 1,365.71 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई और विदेशों से प्राप्त 426.40 करोड़ का योगदान शामिल है। फिल्म ने कुल 5,17,080 शोज के जरिए अबतक 1,141.09 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है।
फिल्म की कहानी 2000 के दशक के पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें रणवीर सिंह ने हमजा अली मजारी नामक भारतीय जासूस का किरदार निभाया है, जो ल्यारी के खतरनाक गैंग्स में घुसपैठ कर उनके नेटवर्क को तबाह करता है। दूसरे भाग में हमजा उर्फ जसकीरत सिंह रंगी की बैकस्टोरी दिखाई गई, जिसमें बताया गया कि आखिर वह भारत के लिए जासूस क्यों बना।
रणवीर सिंह के अलावा फ्रेंचाइजी में संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, अक्षय खन्ना और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इस साल के अंत में दर्शकों के लिए कौन सा सरप्राइज लेकर आते हैं।

