Homeभारतपश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या, ओवरटेक कर रोकी...

पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या, ओवरटेक कर रोकी गई कार; अब तक क्या बातें सामने आई हैं?

मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ को रात करीब 10:20 बजे मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारी। हमलावरों ने पहले उनकी कार को ओवरटेक कर रोका।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बीच भड़की हिंसा की स्थिति बुधावार देर रात और गंभीर हो गई, जब शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उत्तर-24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) के दोहरिया इलाके में इस घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब चंद्रनाथ अपनी कार से घर लौट रहे थे। हत्या का आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लग रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच शुरू हो गई है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

हमलावरों ने ओवरटेक कर कार रोकी

सामने आई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रथ को रात करीब 10:20 बजे मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारी। हमलावरों ने पहले उनकी कार को ओवरटेक कर रोका और फिर फायरिंग शुरू कर दी। कार रथ के ड्राइवर चला रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मोटरसाइकिल के अलावा एक चार पहिया गाड़ी भी रथ के कार का पीछा कर रही थी। कथित तौर पर पहले चार पहिया वाली गाड़ी ने रथ की कार को ओवरटेक किया, जिसके बाद कार को धीमा करना पड़ा। इसके कुछ ही मिनट बाद मोटरसाइकिल पर सवाल हमलावर कार के आगे आए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आननफानन में रथ और उनके ड्राइवर को पास के डायवर्सिटी नर्सिंग होम पहुंचाया। हालांकि, रथ की संभवत: मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है। उसे कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रथ बारासात स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी दोहरिया इलाके में एक या दो मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी कार को रोक लिया। सूत्रों ने बताया कि एक व्यक्ति कार की खिड़की के पास आया और उन पर तीन गोलियां चलाईं। रथ ड्राइवर के बगल में बैठे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘यह एक सुनियोजित हत्या है। क्योंकि रथ को गोली मारने के बाद, हत्यारे ने उसके मरने का इंतजार किया।’

Chandranath Rath
चंद्रनाथ रथ

रथ को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक डॉक्टर ने बताया कि दो लोगों को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था। डॉक्टर ने बताया कि एक व्यक्ति मृत अवस्था में था, जबकि दूसरे को गोली लगने से चोटें आई थीं।

भाजपा के आरोपों पर तृणमूल ने क्या कहा?

घटना पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा, ‘ऐसी आशंका थी। वे कितनी नीच हरकत कर सकते हैं? मैंने पहले भी कहा है कि सरकार गिरने पर राज्यपाल को जिम्मेदारी लेनी होगी। टीएमसी…इतनी नीच हरकत पर उतर आई कि उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के सहायक की हत्या कर दी। इससे पहले भी उन्होंने शुभेंदु, दिलीप घोष और अन्य सहित हमारे नेताओं पर हमले किए हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उनकी मां भी हमारी पार्टी की सदस्य हैं। विपक्ष के नेता के सहायक की हत्या एक संदेश है। जनता फैसला करे। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।’

इस बीच टीएमसी ने एक्स पर एक बयान में कहा, ‘हम आज रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की क्रूर हत्या की कड़ी निंदा करते हैं, साथ ही पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर चुनाव के बाद किए गए हिंसा की घटनाओं में तीन अन्य टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं, जबकि आदर्श आचार संहिता लागू है।’

तृणमूल ने आगे लिखा, ‘हम इस मामले में अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं ताकि दोषियों की पहचान करके उन्हें तुरंत न्याय के कटघरे में लाया जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।’

वायु सेना में काम कर चुके थे चंद्रनाथ रथ

भारतीय वायु सेना में रह चुके रथ दरअसल शुभेंदु अधिकारी के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक थे। पूर्वी मेदिनीपुर के चांदीपुर के रहने वाले रथ, चांदीपुर पंचायत सदस्य हासी रथ के पुत्र थे। रथ 2018 से अधिकारी के साथ थे। जब अधिकारी भाजपा में शामिल हुए, तो उन्होंने रथ को अपना निजी सहायक बना लिया। और जब अधिकारी विपक्ष के नेता बने, तो रथ उनके कार्यकारी सहायक बन गए।

इस बीच चुनाव के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। बुधवार को डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि चुनाव के बाद की घटनाओं के संबंध में कुल 200 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिसके बाद 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा, ;4 मई को नतीजों की घोषणा के बाद से ही हिंसा की घटनाएं हुई हैं, जिनमें धमकियां, मारपीट और डराना-धमकाना शामिल हैं। हमने अब तक 200 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं और 433 लोगों को गिरफ्तार किया है। एहतियाती उपायों के तहत हमने 1,100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।’

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular