Homeभारत'इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता', बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले को...

‘इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता’, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले को लेकर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘इन घटनाओं को सिर्फ मीडिया की बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई बातें या राजनीतिक हिंसा कहकर नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता।’ भारत सरकार ने कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रही है।

नई दिल्ली: भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को बांग्लादेश में हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों के खिलाफ हाल की हिंसा की घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि इन्हें केवल ‘मीडिया की बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई बातें या राजनीतिक हिंसा’ कहकर नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता।

बांग्लादेश में हाल के घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों में, हमने बांग्लादेश में दिखाए जा रहे झूठे नैरेटिव को खारिज करते हुए दो से ज्यादा बयान जारी किए हैं।’

एक और हिंदू व्यक्ति अमृत मंडल की हत्या पर उन्होंने कहा, ‘हम बांग्लादेश में हाल के घटनाक्रमों से वाकिफ हैं और स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों- जिनमें हिंदू, ईसाई और बौद्ध शामिल हैं, के खिलाफ कट्टरपंथियों द्वारा लगातार की जा रही घटनाएं गंभीर चिंता का विषय है। हम मैमनसिंह में एक हिंदू युवक की हाल ही में हुई भयानक हत्या की निंदा करते हैं और उम्मीद करते हैं कि इस अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।’

उन्होंने आगे कहा, ‘अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान स्वतंत्र सूत्रों ने अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की 2,900 से ज्यादा घटनाओं को दर्ज किया है, जिनमें हत्या, आगजनी और जमीन पर कब्जे के मामले शामिल हैं।’ विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘इन घटनाओं को सिर्फ मीडिया की बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई बातें या राजनीतिक हिंसा कहकर नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता।’

बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक और शख्स की लिंचिंग के एक दिन बाद, यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने दावा किया था कि यह घटना सांप्रदायिक हिंसा से संबंधित नहीं थी। बांग्लादेश की सरकार ने कहा कि मंडल पर कई गंभीर आपराधिक मामलों में ‘आरोप’ थे।

बयान में, बांग्लादेशी सरकार ने कहा कि उसने हत्या के संबंध में सोशल मीडिया पर ‘गुमराह करने वाली जानकारी’ फैलने पर ध्यान दिया है। 17 साल बाद BNP नेता तारिक रहमान की वापसी पर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘भारत बांग्लादेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का समर्थन करता है, और इस घटना को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।’

बांग्लादेश- दो हिंदू युवकों की हत्या

हालिया मामले में बांग्लादेश के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय का एक और युवक बुधवार को भीड़ के हत्थे चढ़ गया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, राजबाड़ी जिले में अमृत मंडल, जिसे सम्राट के नाम से भी जाना जाता है, पैसा वसूली करने वाला था। अमृत पर कथित तौर पर भीड़ ने तब हमला किया, जब वह वसूली के पैसे मांगने पहुंचा था। पुलिस ने कहा कि इस बात के कोई साफ संकेत नहीं थे कि उसे उसके धर्म की वजह से टारगेट किया गया था या नहीं।

बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद फैली अशांति के बीच कुछ दिन पहले ही 27 साल के एक हिंदू कपड़ा मजदूर दीपू को ईशनिंदा के आरोप में भालुका में भीड़ द्वारा मारे जाने की भी खबरें आई थी। उसे बुरी तरह पीटा गया। प्रशासन ने हत्या की निंदा की और कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया, लेकिन इस घटना ने बांग्लादेश में मौजूदा हालात में अल्पसंख्यकों की कमजोरी और राजनीतिक अशांति के समय में बिना रोक-टोक के अफवाहों पर उनके खिलाफ होने वाली हिंसा को फिर से साबित किया है।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular