Home भारत यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे में 7 बसें और 3 कारें टकराईं,...

यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे में 7 बसें और 3 कारें टकराईं, जलकर हुईं खाक, 13 की मौत, 66 घायल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में कोई कोताही न बरतने के आदेश दिए हैं।

0
mathura bus fire, मथुरा बस आग, यमुना एक्सप्रेसवे बस कार आग, जिंदा चले लोग, yamuna expressway accident, yamuna expressway bus-car fire, mathura news, mathura accident, people burned alive,
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है। फोटोः IANS

मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हुए हैं। यह दुर्घटना आगरा-नोएडा खंड पर बलदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत 127वें माइलस्टोन के पास सुबह करीब चार बजे हुई।

पुलिस के मुताबिक, बेहद कम दृश्यता के बीच कम से कम सात से आठ बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद कुछ वाहनों में आग लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। सूचना मिलते ही फायर और इमरजेंसी सेवाएं मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और फंसे यात्रियों को निकालने के लिए 11 दमकल गाड़ियां लगाई गईं।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस, फायर सर्विस, एनएचएआई और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और एक्सप्रेस-वे पर यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया।

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से हुई। उन्होंने कहा, “सुबह करीब 4:30 बजे कम दृश्यता के चलते लगभग सात बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।”

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। फंसे हुए यात्रियों को सरकारी वाहनों से उनके गंतव्यों तक भेजने की व्यवस्था की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में कोई कोताही न बरतने के आदेश दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आसपास के गांवों के लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लखनऊ से दिल्ली जा रहे एक यात्री ने बताया कि आगरा पार करने के बाद उनकी बस अचानक रुक गई और दरवाजे जाम हो गए। यात्रियों ने किसी तरह दरवाजे खोलकर महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। मंगलवार सुबह आगरा, प्रयागराज, बरेली और मुरादाबाद सहित कई शहरों में दृश्यता लगभग शून्य दर्ज की गई। बीते कुछ दिनों में कोहरे के कारण राज्य में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। सोमवार को 31 वाहनों से जुड़े छह हादसे दर्ज किए गए थे, जबकि रविवार को छह दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत हुई थी।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version