Homeभारतकॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट क्यों हुआ ब्लॉक? इंस्टाग्राम खाते पर...

कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट क्यों हुआ ब्लॉक? इंस्टाग्राम खाते पर भी होगा एक्शन! क्या बोले शशि थरूर

शशि थरूर ने कॉकरोच जनता पार्टी की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता को लेकर कहा है कि ये दिखाता है कि निराशा और असंतोष है और जनता इस तरह की पहल के माध्यम से इसे व्यक्त कर रही है।

भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की कुछ टिप्पणियों के बाद शुरू हुए व्यंग्यात्मक खाते ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के X हैंडल को गुरुवार को केंद्र के निर्देश के बाद देश में बैन कर दिया गया। यह कदम इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से मिली सूचनाओं के मद्देनजर उठाय गया है, जिसमें ‘राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताएं’ जताई गई थीं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार आईबी के एक सीनियर अधिकारी ने अखबार से ये बात कही है।

अधिकारी के अनुसार इलेक्ट्रोनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट-2000 के सेक्शन 69 (A) के तहत एक्स को अकाउंट को बंद करने का निर्देश दिया है। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में इनपुट आईबी से आए थे।

IB का इनपुट- ये भारत की संप्रभुता के लिए खतरा

रिपोर्ट के अनुसार अधिकारी ने बताया, मंत्रालय को आईबी से कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट को बंद कराने संबंधी इनपुट मिला था, जिसमें कहा गया था कि यह भारत की संप्रभुता के लिए खतरा है। आईबी का मानना ​​था कि इस अकाउंट से भड़काऊ सामग्री पोस्ट की जा रही है, जिससे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है।’

रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि ऐसे ब्लॉकिंग आदेश गोपनीय तरीके से जारी किए जाते हैं। अधिकारी ने कहा, ‘खास तौर पर, चिंता इस तथ्य से उपजी थी कि इस अकाउंट की सामग्री युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही थी।’

सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69 (ए) केंद्र सरकार को संप्रभुता, सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था या अपराधों के लिए उकसाने से रोकने के हित में सूचना तक सार्वजनिक पहुंच को प्रतिबंधित करने का अधिकार देती है।

इंस्टाग्राम पर भी हो सकता है एक्शन

कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट को भारत में जरूर ब्लॉक कर दिया गया है, लेकिन अन्य देशों से इसे एक्सेस किया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार शाम तक एक्स पर इसके दो लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। एक अन्य सरकारी अधिकारी ने बताया कि जब इस अकाउंट के लगभग 90,000 फॉलोअर्स थे, तभी सोशल मीडिया कंपनी को ब्लॉक करने का आदेश भेजा गया था।

हालांकि, इंस्टाग्राम हैंडल भारत में अभी तक ब्लॉक नहीं किया गया है और शुक्रवार सुबह तक इसके 1.9 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हो गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘इंस्टाग्राम अकाउंट को भी ब्लॉक किए जाने की संभावना है और यह प्रक्रिया फिलहाल जारी है।’

शशि थरूर ने कॉकरोच जनता पार्टी पर क्या कहा?

शशि थरूर ने कॉकरोच जनता पार्टी की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता को लेकर कहा है कि ये दिखाता है कि निराशा और असंतोष है और जनता इस तरह की पहल के माध्यम से इसे व्यक्त कर रही है। थरूर ने कहा कि इसने विपक्ष को भी दिखाया है कि एक मौका है जिसे भुनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘यह स्पष्ट रूप से एक अचानक शुरू की गई पहल थी, लेकिन यह बहुत जल्दी वायरल हो गई और मुझे लगता है कि लोकतंत्र में यह एक बहुत ही अच्छी बात है कि लोगों के पास अपनी इच्छाओं को व्यक्त करने के अलग-अलग तरीके हैं और कुछ ऐसा जो व्यंग्यात्मक, हास्यपूर्ण और साथ ही साथ बेहद गंभीर हो। ये युवाओं के निराशा को जताने का एक बेहतरीन जरिया है।

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular