वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। महज एक मिनट के अंतराल में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने अब तक कम से कम 235 लोगों की जान ले ली है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हैं। हजारों लोग अब भी लापता हैं और सैकड़ों लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
देश का उत्तरी हिस्सा, खासकर ला ग्वेरा (La Guaira) भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। ऐसे में इस क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। भारी-भरकम कंक्रीट के ढेरों के बीच राहतकर्मी और स्थानीय लोग जिंदा लोगों की तलाश में दिन-रात जुटे हैं। इस तबाही के बीच कुछ ऐसे पल भी सामने आए, जिसने पूरे देश को जिंदगी और इस झटके से उबरकर आगे बढ़ने की उम्मीद भी दी है।
मलबे के नीचे जब जिंदा मिला मासूम
भूकंप के बाद वेनेजुएला के हालात को बताते कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया के जरिए दुनिया भर के लोग इन तस्वीरों से रूबरू भी हो रहे हैं। इन तस्वीरों और वीडियो में सबसे भावुक कर देने वाला एक दृश्य तब सामने आया, जब एक ढही हुई इमारत के मलबे के नीचे से एक शिशु को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे राहतकर्मियों ने बच्चे को सावधानी से बाहर निकाला। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कई घंटों तक मलबे में दबे रहने के बावजूद बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई। यह दृश्य उन हजारों परिवारों के लिए उम्मीद की मिसाल बना है, जो अब भी अपने प्रियजनों के जिंदा मिलने की आस लगाए बैठे हैं।
ला ग्वेरा में एक अन्य रेस्क्यू ऑपरेशन में वेनेजुएला की बोलिवेरियन नेशनल पुलिस और बचाव कार्य में लगी दूसरी एजेंसियों ने एक और शिशु को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
घंटों की मशक्कत, 12 साल का लड़का निकला जिंदा
ला ग्वेरा में ही बचाव दल ने घंटों तक लगातार मलबा हटाने के बाद 12 वर्षीय एक लड़के को भी जीवित बाहर निकाल लिया। इस सफल रेस्क्यू ने राहतकर्मियों का हौसला और बढ़ा दिया। उनका मानना है कि अगर समय रहते मलबा हटाया जाए तो अभी भी कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। एक अन्य महिला को भी मलबे से जीवित निकालने का वीडियो सामने आया है।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, वेनेजुएला सरकार ने बचाव अभियान को तेज करने के लिए भारी मशीनों की मांग की है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि अधिकारियों की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जीवित बचाया जा सके।
मलबे से जिंदा निकला कुत्ता
इस त्रासदी में जिंदगी की लड़ाई सिर्फ इंसानों तक सीमित है। राहतकर्मियों ने चल रहे बचाव अभियान के बीच मलबे के नीचे दबे एक कुत्ते को भी जिंदा बाहर निकाला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बचाव के बाद उसे पानी पिलाया गया और गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान तक ले जाया गया।
अस्पताल जाते समय मां को मिला उसका बच्चा
तबाही के बीच एक और भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है। भूकंप के बाद एक महिला जब अस्पताल की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात अपने बच्चे से हो गई। अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर मां की भावनाएं क्या रही होंगी, इसे वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है।
बहरहाल, इन उम्मीद भरे लम्हों के बावजूद तबाही का दायरा बेहद बड़ा है। पिछले एक सदी से अधिक समय में वेनेजुएला में आए इस बेहद शक्तिशाली भूकंप में मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। भूकंप से सैकड़ों इमारतें ढह गईं, अस्पतालों को नुकसान पहुंचा, बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो गईं और हजारों लोग बेघर हो गए।
अधिकारियों के अनुसार कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। सैकड़ों इमारतें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं या पूरी तरह ढह गई हैं। इस बीच कई देशों से अंतरराष्ट्रीय राहत दल और मानवीय सहायता वेनेजुएला पहुंचनी शुरू हो गई है। बचाव दल पर लगातार समय से मुकाबला करने का भी दबाव है, क्योंकि हर गुजरते घंटे के साथ मलबे में दबे लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद कम होती जाती है। फिर भी हर सफल रेस्क्यू यह भरोसा जगा रहा है कि मलबे के नीचे अब भी कुछ जिंदगियां जरूर सांस ले रही है, और शायद इन्हें बचा लिया जाए।
यह भी पढ़ें- कोलकाता गोदाम हादसे में मृतकों की संख्या 15 हुई, रेस्क्यू अब भी जारी, 5 गिरफ्तारियों के बाद क्या बातें सामने आईं?

