HomeभारतVaranasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर चली गोली, पीएसी जवान की...

Varanasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर चली गोली, पीएसी जवान की कार्बाइन से फायर होने पर 3 लोग घायल

घायल विकास यादव ने बताया कि वह सुबह अपनी फूल-माला की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान पीएसी जवान अपनी कार्बाइन लेकर खड़ा था और अचानक उससे गोली चल गई।

Varanasi News: वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। यह घटना मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास हुई। गोली जमीन पर लगी, लेकिन उसके छर्रे पास में मौजूद तीन लोगों को लग गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई थी, जिसके चलते उससे कथित तौर पर गलती से दो राउंड फायर हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस और मंदिर प्रशासन हरकत में आया। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी रही, लेकिन हालात जल्द ही सामान्य कर दिए गए।

घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है तीनों मंदिर के बाहर फूल-माला का काम करते हैं। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?

डीसीपी (काशी जोन) गौरव बंसवाल ने बताया कि पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूट जाने के कारण उससे दो राउंड फायर हो गए। दोनों गोलियां जमीन पर लगीं, लेकिन उनके छर्रे पास में मौजूद तीन लोगों को लग गए। एक व्यक्ति के हाथ, दूसरे की कमर और तीसरे के पैर में चोट आई।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह घटना उस समय हुई, जब पीएसी का जवान नंदू फरिया लेन में भीड़ को नियंत्रित कर रहा था। फायर के असर से पत्थर या कंकड़ के टुकड़े उछलकर वहां मौजूद तीन फूल विक्रेताओं को लगे। उन्होंने कहा कि यह किसी पर सीधे गोली चलाने की घटना नहीं थी, बल्कि ड्यूटी के दौरान हुई एक आकस्मिक दुर्घटना थी। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि तीनों घायल खतरे से बाहर हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं, कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल के डॉ. मुकुंद के मुताबिक तीनों घायलों को मामूली खरोंच और हल्की चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी जांच की और हालत सामान्य मिलने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।

घायलों ने क्या कहा?

घायल विकास यादव ने बताया कि वह सुबह अपनी फूल-माला की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान पीएसी जवान अपनी कार्बाइन लेकर खड़ा था और अचानक उससे गोली चल गई। उन्होंने कहा कि बाद में अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जवान को वहां से हटा दिया। विकास के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल से गोली के छर्रे भी अपने कब्जे में ले लिए।

विकास यादव ने बताया कि उनके हाथ और कमर में छर्रे लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं।

दूसरे घायल राम बाबू ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे अचानक गोली चलने की आवाज आई। कार्बाइन से निकले छर्रे उनके हाथ और पैर में लगे। वहीं तीसरे घायल विक्की ने भी बताया कि मंदिर के गेट नंबर-4 के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की कार्बाइन से अचानक फायर हुआ, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली और जवान को वहां से हटा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में इसे लापरवाही के कारण हुआ हादसा माना जा रहा है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट

ये भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर RSS का बयान- भ्रम और अनिश्चितता खत्म हो, दोषियों को कड़ी सजा मिले

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
Anil Sharma, Anil Anuj, Anil anuj articles, bole bharat, बोले भारत, अनिल शर्मा, अनिल अनुज,
अनिल शर्माhttp://bolebharat.in
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular