वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए संघर्ष में और अधिक तीव्रता लाने का संकेत दिया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोई भी जहाज हमारी नाकाबंदी के पास आएगा तो उसे तुरंत खत्म किया जाएगा। ट्रंप ने “किल सिस्टम” का प्रयोग करने की चेतावनी दी।
ट्रंप ने कहा कि वार्ता विफल होने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और वे सैन्य दबाव बढ़ाने के लिए तैयार हैं। इसके बाद वाशिंगटन ने सोमवार (13 अप्रैल) से ईरान से जुड़े यातायात को निशाना बनाते हुए व्यापक समुद्री नाकाबंदी लागू कर दी।
ईरान के खिलाफ और भी सख्त हुआ डोनाल्ड ट्रंप का रुख
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि “मुझे परवाह नहीं कि वे वापस आएं या नहीं… मैं ठीक हूं।” एक दिन पहले ईरान के साथ वार्ता में गतिरोध आने के बाद ट्रंप का रुख और भी सख्त हो गया है।
अमेरिकी सेना ने पूर्वी समयानुसार 10:00 बजे (24:00 जीएमटी) से ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले जहाजों को रोक दिया। हालांकि उसने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से अन्य गंतव्यों की ओर जाने वाले जहाजों को बाधित नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें – अमेरिका-ईरान के बीच इस्लामाबाद में वार्ता हुई फेल, ये रहीं मुख्य वजहें
अमेरिकी नौसेना द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य सहित सभी ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों की नौसैनिक नाकाबंदी स्थापित करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के “तेज गति वाले हमलावर जहाजों” पर हमला करने की धमकी दी। वहीं, अमेरिकी नौसेना ने भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से सभी ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों की नाकाबंदी शुरू भी कर दी है।
पूरी तरह बर्बाद हो गई ईरान की नेवी
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर दोहराया कि “ईरान की नेवी समुद्र की गर्त में जा चुकी है और पूरी तरह तबाह-बर्बाद हो चुकी है। हमने उसके 158 जहाज तबाह कर दिए। कुछ को छोड़ दिया जिन्हें वे फास्ट अटैक शिप कहते हैं क्योंकि हमारा मानना है कि उससे हमें कोई खतरा नहीं है।”
इसके साथ ही ट्रंप ने चेतावनी देते हुए लिखा कि अगर इनमें से कोई भी जहाज हमारी नाकाबंदी के पास भी आया तो उन्हें तुरंत खत्म कर दिया जाएगा। उसी ‘किल सिस्टम’ का इस्तेमाल करके जो हम समुद्र में नावों पर ‘ड्रग डीलरों’ के खिलाफ करते हैं।
किल सिस्टम का खौफ दिखाते हुए कहा कि ये तेज और बेरहम हैं। दावा किया कि इनकी वजह से ही समुद्री रास्ते से अमेरिका आने वाले 98.2 फीसदी ड्रग्स पर पाबंदी लग गई।
इससे पहले ट्रंप ने पिछली पोस्ट्स में ही कह दिया था कि फैसले के तहत जो भी जहाज होर्मुज से गुजरने की कोशिश करेगा, उसे रोककर जांच की जाएगी। खास तौर पर उन जहाजों पर नजर रखी जाएगी जो ईरान को टोल देते हैं। जो जहाज ईरान को गैरकानूनी टोल देंगे उन्हें सुरक्षित रास्ता नहीं दिया जाएगा। ट्रंप के मुताबिक “इससे ईरान की आर्थिक ताकत कम की जाएगी।”
यह भी पढ़ें – ‘जज RSS से जुड़े संगठन के कार्यक्रम में गईं’, जस्टिस स्वर्णकांता को हटाने की मांग पर केजरीवाल ने रखी दलील, CBI ने दिया ये जवाब

