नई दिल्ली: इस सप्ताह दो हल्के स्तर के पश्चिमी विक्षोभ भारत की ओर बढ़ रहे हैं, जिनका असर मौसम पर नजर आएगा। मौसम पूर्वानुमानों के अनुसार पहला विक्षोभ 16 और 17 अप्रैल के बीच आने की संभावना है, जिसके बाद दूसरा विक्षोभ 18 और 19 अप्रैल के बीच सक्रिय होगा।
वैसे, पश्चिमी विक्षोभ ने पिछले कुछ हफ्तों में उत्तर भारत में व्यापक असर दिखाया है। मार्च के आखिरी हफ्तों और अप्रैल शुरुआती 10 दिनों में कई राज्यों में बारिश, तूफान, ओलावृष्टि हुई और मौसम गर्म नहीं रहा। जबकि गर्मी आमतौर पर इन दिनों में तेजी से बढ़ती है।
फिर आ रहा पश्चिमी विक्षोभ, किन राज्यों में होगी बारिश
हालिया पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर, उत्तरी पंजाब और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की संभावना है, लेकिन मैदानी इलाकों में मौसम अधिकतर शुष्क रहेगा।
यह पैटर्न अक्सर मध्यम या हल्के पश्चिमी विक्षोभों के साथ देखा जाता है, जहां नमी पहाड़ियों से टकराकर ऊपर उठती है और स्थानीय स्तर पर इसका असर नजर आता है। अप्रैल के शुरुआती दिनों में पहले ही असामान्य रूप से बारिश, तूफान, ओलावृष्टि देखी जा चुकी हैं, जिससे उत्तरी भारत में मौसम ठंडा बना रहा है।
बहरहाल, आने वाले दो विक्षोभों के हल्का बने रहने की संभावना है। इससे पहाड़ियों में कुछ नमी मिलेगी जबकि मैदानी इलाकों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। इसका मतलब है कि उत्तर भारत में मैदानी शहरों में तापमान बढ़ेगा। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। स्थानीय निवासियों को भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वोत्तर राज्यों में भी कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 15, 18 और 19 तारीख को जबकि असम और मेघालय में 17 और 18 तथा नागालैंड में 18 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज और बिजली की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी गर्मी
पहाड़ी इलाकों में भले ही राहत मिलेगी हो, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 17 अप्रैल तक यह 40 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
अगले 48 घंटों में राजधानी और आसपास के इलाकों में आसमान मुख्य रूप से साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कोई खास बारिश नहीं होगी।
न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होगी, जिससे रातें और गर्म होंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, दोपहर की तेज धूप से बचें और हल्के कपड़े पहनें। बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- राघव चड्ढा को केंद्र ने दी जेड सिक्योरिटी, आप पार्टी ने उठाए सवाल, पूछा- इतनी मेहरबानी किसलिए?

